1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Ajay Devgn, Rohit Shetty, Ranveer Singh, Cirkus

अजय-रोहित: 10 में से 8 सुपरहिट, फिर साथ क्यों नहीं कर रहे हैं फिल्म | Ajay Devgn/ Rohit Shetty/ Golmaal 5

अजय देवगन
रणवीर सिंह को लेकर रोहित शेट्टी ने 'सर्कस' नामक फिल्म शुरू कर दी है जिसे गुलजार की अंगूर का रीमेक बताया जा रहा है। अंगूर खुद दो दूनी चार का रीमेक थी। फिल्म में जैकलीन फर्नांडीस और पूजा हेगड़े के साथ-साथ ढेर सारे वो कलाकार हैं जो कॉमेडी में माहिर हैं। 
 
रणवीर सिंह के साथ रोहित शेट्टी फिल्म प्लान कर रहे हैं ये बात अरसे से सुनने में आ रही थी, लेकिन बॉलीवुड के कुछ लोगों का मानना था कि रोहित अगली फिल्म अपने खास दोस्त अजय देवगन को लेकर बनाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 
 
इससे बॉलीवुड में अफवाहों के अंधड़ चलने लगे कि रोहित और अजय में अनबन हो गई है। दोनों की दोस्ती में दरार आ गई है। रोहित अब अजय के बजाय दूसरे हीरो के साथ ज्यादा काम करने लगे हैं। 


 
रोहित ने अपनी पिछली रिलीज फिल्म सिम्बा रणवीर सिंह के साथ बनाई थी। रिलीज के लिए तैयार सूर्यवंशी उन्होंने अक्षय कुमार के साथ बनाई थी। उसके पहले 2017 में उन्होंने अजय देवगन के साथ गोलमाल अगेन बनाई थी। 
 
2013 के पहले रोहित ने अपनी हर फिल्म अजय के साथ ही बनाई थी। चेन्नई एक्सप्रेस में पहली बार उन्होंने अजय का साथ छोड़ा और शाहरुख के साथ यह मूवी बनाई। शाहरुख और अजय के रिश्ते बहुत ज्यादा अच्छे नहीं हैं। 
 
अजय के साथ रोहित ज़मीन (2003), गोलमाल (2006), संडे (2008), गोलमाल रिटर्न्स (2009), ऑल द बेस्ट (2009), गोलमाल 3 (2010), सिंघम (2011), बोल बच्चन (2012), सिंघम रिटर्न्स (2014) और गोलमाल अगेन (2017) बना चुके हैं जिसमें से ज्यादातर हिट रही हैं। 


 
रोहित और अजय की जोड़ी फिल्म की सफलता की गारंटी मानी जाती है। लेकिन पिछले कुछ सालों में रोहित ने दूसरे हीरो के साथ भी काम करना शुरू कर दिया है। 
 
शाहरुख खान के साथ उन्होंने चेन्नई एक्सप्रेस (2013) और दिलवाले (2015) बनाई। रणवीर सिंह के साथ सिम्बा (2018) बनाई। अक्षय के साथ सूर्यवंशी बनाई और अब रणवीर के साथ वे 'सर्कस' बनाने जा रहे हैं। 
 
रोहित से जुड़े सूत्रों का कहना है कि भले ही रोहित दूसरे हीरो के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन इसका ये अर्थ नहीं है कि अजय और उनके बीच कुछ अनबन है। दरअसल सिम्बा और सर्कस जैसी फिल्मों में अजय फिट नहीं बैठ रहे थे। साथ ही वे अजय के साथ इसलिए भी गैप देकर फिल्में बना रहे हैं कि दर्शक उनकी जोड़ी से बोर नहीं हो जाए। 
 
रोहित इस समय गोलमाल 5 की स्क्रिप्ट पर भी काम कर रहे हैं। सर्कस के बाद वे इसी फिल्म को शुरू करेंगे जिसमें कि फिर अजय देवगन लीड रोल में होंगे। 
अगला लेख
बेरोजगार, शराबी और निराश बॉबी देओल ने फिर हासिल की सफलता