सम्बंधित जानकारी
- बॉलीवुड 2022 : गूगल पर 2022 में सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली Top 10 Movies
- बॉलीवुड 2022 की टॉप एक्ट्रेसेस का क्या रहा हाल, कौन रहीं हिट और कौन फ्लॉप
- Bollywood November 2022 बॉलीवुड 2022 नवम्बर : रिलीज फिल्में, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, विवाद प्रमुख घटनाएं और जानकारियां
- Bollywood October 2022 बॉलीवुड अक्टूबर 2022: रिलीज फिल्में, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, प्रमुख घटनाएं और जानकारियां
- Bollywood September 2022 सितम्बर 2022 में रिलीज फिल्में, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, प्रमुख घटनाएं
Top Bollywood actors performance and film released in 2022 | बॉलीवुड 2022 में Top एक्टर्स का क्या रहा हाल, कौन रहा हिट कौन फ्लॉप
अक्षय कुमार
पिछले पांच-छ: सालों से तेजी से भाग रहे अक्षय कुमार इस वर्ष औंधे मुंह गिरे। फ्लॉप फिल्मों के ढेर लगा दिए। इनमें से कुछ तो इतनी बुरी तरह पिटी कि निर्माताओं की रूह कांप गई। कठपुतली को ओटीटी पर दर्शक नहीं मिले। बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज, रक्षाबंधन, राम सेतु जैसी अलग-अलग जॉनर की फिल्में अक्षय ने देने की कोशिश की, लेकिन दर्शकों ने खारिज कर दी। अक्षय के अभिनय की भी आलोचना हुई कि वे बच्चन पांडे बने या पृथ्वीराज, सभी फिल्मों में एक जैसी एक्टिंग करते हैं। लोकप्रियता में भारी गिरावट दर्ज की गई।
रितिक रोशन
3 साल बाद रितिक की कोई फिल्म आई। 'विक्रम वेधा' पसंद नहीं की गई। रितिक का यह अंदाज उनके फैंस को अच्छा नहीं लगा। कम फिल्म करना रितिक के लिए भारी सिद्ध हो रहा है।
रणबीर कपूर
चार साल बाद रणबीर कपूर की दो फिल्में इस साल रिलीज हुईं। 'शमशेरा' बुरी फिल्म थी और फ्लॉप होनी ही थी। 'ब्रह्मास्त्र' की सफलता ने बॉलीवुड में और रणबीर में आत्मविश्वास भर दिया। बॉयकॉट मुहिम की इस फिल्म ने हवा निकाल दी। पर्सनल लाइफ की बात करे तो भी यह वर्ष रणबीर के लिए यादगार रहा। शादी हुई और पिता भी बने।
अजय देवगन
गंगूबाई काठियावाड़ी और आरआरआर में अजय देवगन विशेष भूमिका में नजर आए। बतौर निर्देशक और हीरो के 'रनवे 34' फ्लॉप रही। 'थैंक गॉड' जैसी फिल्म अजय ने क्यों की? वर्ष के आखिर में 'दृश्यम 2' ने आकर अजय को बचा लिया। बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। कुल मिलाकर अजय के लिए यह वर्ष मिला-जुला रहा।
कार्तिक आर्यन
कार्तिक आर्यन को अपने करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म 'भूलभुलैया 2' 2022 में ही मिली। इस फिल्म के बाद कार्तिक की लोकप्रियता आसमान छूने लगी और वे कई नामी सितारों के लिए खतरा बन गए। 'फ्रेडी' ओटीटी पर रिलीज हुई और कार्तिक की एक्टिंग की सराहना हुई।
रणवीर सिंह
न्यूड फोटो को लेकर बदनामी झेलने वाले रणवीर सिंह की 'जयेशभाई जोरदार' की असफलता ने उन्हें दिन में तारे दिखा दिए। कोई सोच भी नहीं सकता था कि रणवीर की फिल्म इस तरह से पिट सकती है। अब 'सर्कस' से उम्मीद है। वर्ष के आखिर में हिट होकर शायद रणवीर को मुस्कुराने का अवसर दे।
आयुष्मान खुराना
आयुष्मान खुराना की गाड़ी पटरी से उतर कर कच्चे में उतर गई है। फ्लॉप पर फ्लॉप दिए जा रहे हैं। अनेक, डॉक्टर जी, एन एक्शन हीरो के नाम सुनना अब वे शायद ही पसंद करें। क्या हो गया है आयुष्मान खुराना को?
वरुण धवन
अपने करियर की शुरुआत में लगातार वरुण धवन ने इतनी सारी हिट फिल्में दी कि लगा कि इस बंदे की कोई फिल्म फ्लॉप ही नहीं हो सकती। अब फ्लॉप पर फ्लॉप दिए जा रहे हैं। जुग जुग जियो का प्रदर्शन उम्मीद से बहुत कम रहा। भेड़िया आया, लेकिन उतनी जल्दी ही भाग गया। वरुण भी समझ नहीं पा रहे हैं कि कैसी फिल्में करें?
आमिर खान
न जाने कितने सालों से बन रही आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' आखिरकार रिलीज हुई। फिल्म की ऐसी बुरी गत हुई कि आमिर सदमे में पहुंच गए। दो-तीन महीने विदेश में घूमते रहे। पुराने दिए गए बयान अब उनके सामने घूम रहे हैं और नुकसान कर रहे हैं। कहीं आमिर अब एक्टिंग को अलविदा न कह दें!
सिद्धार्थ मल्होत्रा
थैंक गॉड कर सिद्धार्थ ने दिखा दिया कि कॉमेडी करना उनके बस की बात नहीं है। ऐसी फिल्मों से उन्हें बचना चाहिए। बाकी समय वे कियारा से रोमांस करते रहे।
जॉन अब्राहम
जॉन अपनी ही चाल में मस्त है, लेकिन फायदा कुछ नहीं हो रहा है। 'अटैक' फेल हो गया और 'एक विलेन रिटर्न्स' को दर्शकों ने फौरन चलता कर दिया। प्रोड्यूसर के रूप में भी जॉन को 'तारा वर्सेस बिलाल' के रूप में असफलता ही हाथ लगी।
राजकुमार राव
'बधाई दो' को बधाई नहीं मिली। 'हिट : द फर्स्ट केस' फ्लॉप हो गया। ओटीटी पर रिलीज 'मोनिका, ओ माय डार्लिंग' जरूर राजकुमार को सुर्खियों में ले आई।
टाइगर श्रॉफ
हीरोपंती 2 का हश्र देख टाइगर ने जरूर सोचा होगा कि अब ऐसी फिल्म नहीं करूंगा। वक्त की भी यही मांग है।
अर्जुन कपूर
मलाइका का साथ ही अर्जुन को सुर्खियों में लाता रहा। फिल्म के नाम पर अर्जुन के हाथ 'एक विलेन रिटर्न्स' जैसी फिल्म लगी जो असफल रही।
अमिताभ बच्चन
उम्र हो चली है, लेकिन युवाओं से भी ज्यादा काम बिग कर रहे हैं और कुछ फिल्मों में तो लीड रोल में नजर आए। झुंड, गुडबाय और ऊंचाई भले ही बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे नहीं गाड़ पाई हो, लेकिन ओटीटी और टीवी पर ये फिल्में देखी जाएंगी। रनवे 34 और ब्रह्मास्त्र में भी बिग भी ने महत्वपूर्ण रोल नजर आए, और लगे हाथ एक गुजराती फिल्म भी कर डाली। साथ में केबीसी का टीवी शो तो चल ही रहा है। बताइए, किसने किया इतना काम?
शाहिद कपूर
कबीर सिंह के बाद से ही शाहिद कपूर का करियर गुमसुम है। करोड़ों की लागत से तैयार 'जर्सी' आई, लेकिन ओरिजनल फिल्म ही दर्शक टीवी पर इतनी बार देख चुके थे कि जर्सी पहनने से उन्होंने इंकार कर दिया।
सलमान खान और शाहरुख खान
ये दोनों सुपर सितारे दमदार उपस्थिति 2022 में दर्ज नहीं कर पाए। सलमान ने 'गॉडफादर' में छोटा सा रोल निभाया और बाद में बिग बॉस के होस्ट बने नजर आए। शाहरुख 2023 को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं।
अगला लेख
