1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. विश्वकप 2011

पोंटिंग को आईसीसी की फटकार

रिकी पोंटिंग आईसीसी फटकार आईसीसी वर्ल्ड कप विश्वकप
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को ड्रेसिंग रूम में टीवी तोड़ने का दोषी करार देते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। पोंटिंग ने आईसीसी के फैसले को स्वीकार करते हुए नुकसान की भरपाई करने पर सहमति जता दी है जिसके साथ ही यह मामले का पटाक्षेप हो गया है।

पोंटिंग ने गत सोमवार को अहमदाबाद में जिम्बाब्वे के खिलाफ विश्वकप मैच में रन आउट होने के बाद गुस्से में आकर टीम के ड्रेसिंग रूम में टेलीविजन सेट को नुकसान पहुँचा दिया था। गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) ने मामले की रिपोर्ट भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को भेजी थी जिसने इसे आईसीसी के समक्ष रखा।

आईसीसी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि खिलाडियों की इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आईसीसी ने कहा कि पोंटिंग को इस मामले में दोषी पाया गया है और उन्हें फटकार लगाई गई है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने आईसीसी के फैसले को स्वीकार किया है जिसके बाद इस मामले की आगे सुनवाई की जरूरत नहीं है।

आईसीसी के मैच रैफरी रोशन महानामा ने कहा 'पोंटिंग जानते हैं कि उनकी हरकत आईसीसी आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने तैश में आकर ऐसा किया और उनकी ऐसी कोई मंशा नहीं थी। उन्होंने अपनी हरकत के लिए तुरंत माफी माँग ली और नुकसान की भरपाई करने को सहमत हो गए।'

आईसीसी ने कहा कि इस मामले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को सिर्फ फटकार लगाकर छोड़ दिया है जबकि पोंटिंग की हरकत को देखते हुए उन पर उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना किया जा सकता था। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता