चावला ने दिया आलोचकों को जवाब
ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट 31 रन देकर झटके
ND
पीयूष ने केवल 31 रन खर्च के ऑस्ट्रेलिया के चार प्रमुख बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया और मैच के तमाम सूत्र धोनी के हाथों में सौंप दिए। बाद में हरभजन ने भी 15 रन देकर 3 विकेट प्राप्त करते हुए विश्वकप में चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को हार सहने के लिए मजबूर कर दिया।
भारतीय चयनकर्ता जब पीयूष चावला को चुन रहे थे, तब टीम इंडिया के कप्तान धोनी दक्षिण अफ्रीका में वनडे सिरीज खेल रहे थे। टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के जरिये धोनी की राय पूछी गई तो उन्होंने चावला के नाम पर मुहर लगाई।
जब से चावला का नाम विश्वकप टीम के लिए आया, तब से उन पर आलोचना के दनादन बाउंसर दागे जा रहे थे। यहाँ तक कहा जा रहा था कि जिस खिलाड़ी ने साल 2010 में एक भी विकेट नहीं लिया, वो भला टीम इंडिया के मिशन वर्ल्डकप का कैसे हिस्सा हो गया?
तमाम आलोचना के बावजूद न तो धोनी ने कोई सफाई दी और न पीयूष की तरफ से कोई जवाब आया। दरअसल पीयूष को तो मैदान पर अपनी फिरकी का जादू दिखाना था और वो उन्होंने दिखा दिया। ऑस्ट्रेलिया जैसी कद्दावर टीम के खिलाफ चावला ने 9 ओवर की गेंदबाजी में चार विकेट ( माइकल क्लार्क 0, कैमरून व्हाइट 4, डेविड हसी 0, कालम फर्ग्यूसन 8) प्राप्त किए।
चावला ने पहले स्पैल में कुल 22 रन दिए लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला लेकिन अपने दूसरे स्पैल में वे कंगारुओं पर कहर बनकर टूट पड़े। दूसरे स्पैल में चावला ने केवल 9 रन की कीमत पर ऑस्ट्रेलिया के चार दिग्गजों को पैवेलियन की राह बताई।
जीत के बाद कप्तान धोनी ने कहा कि मैं पीयूष के प्रदर्शन से खुश जरूर हूँ लेकिन मैं चाहता हूँ कि वे गेंदबाजी के सा्थ ही साथ बल्लेबाजी में भी अपना कमाल दिखाएँ। बहरहाल पीयूष की इस शानदार गेंदबाजी से उनके परिवार में भी जश्न का माहौल है। माँ पूनम और पिता प्रमोद चावला बेटे की कामयाबी से इतने खुश हैं कि उन्होंने यहाँ तक कह डाला कि पीयूष का यही फार्म रहा तो भारत को वर्ल्ड कप जीतने से कोई नहीं रोक सकता।
प्रमोद चावला ने कहा कि कप्तान धोनी को पीयूष की प्रतिभा का पहले से पता था। धोनी बहुत दूर का सोचते हैं और खिलाड़ियों की परख भी उन्हें हैं। वे इस बात को भी जानते हैं कि किस खिलाड़ी का कैसे उपयोग किया जा सकता है। बहरहाल, अभ्यास मैच की जीत ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों में और उड़ान भर दी है। (वेबदुनिया न्यूज)

