1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. विश्वकप 2011

कौन करेगा सबसे बड़ा विस्फोट?

विश्वकप वर्ल्ड कप विस्फोटक बल्लेबाज
FILE
इस बार विश्वकप खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही प्रत्येक टीम के पास हालाँकि ऐसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं जो अपनी धुआँधार पारी से अकेले अपने दम पर किसी भी मैच का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं लेकिन देखना ये होगा कि इनमें से कौनसा बल्लेबाज विश्वकप में सबसे बड़ा धमाका करता है।

भारतीय उपमहाद्वीप में 19 फरवरी से शुरू होने वाले विश्वकप में भारत, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज को खिताबी होड़ में शामिल माना जा रहा है लेकिन जो भी टीम खिताब पर कब्जा करेगी उसकी जीत में सबसे अहम भूमिका उसके विस्फोटक बल्लेबाज की होगी।

भारतीय टीम की ओर से जहाँ विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग और बेरहम बल्लेबाज यूसुफ पठान मैच का रुख बदल सकते हैं तो वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास भी ऑलराउंडर शेन वाटसन हैं।

इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका की ओर से विश्व रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज हाशिम अमला और ए बी डीविलियर्स, श्रीलंका की ओर से तिलकरत्ने दिलशान, इंग्लैंड की ओर से जोनाथन ट्राट और केविन पीटरसन, पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहिद अफरीदी और अहमद शहजाद तथा वेस्टइंडीज की ओर से क्रिस गेल और ड्वेन ब्रावो कभी भी बड़ा विस्फोट कर टीम को जीत दिला सकते हैं।

विश्वकप में खिताब की सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही टीम इंडिया को जबरदस्त ओपनिंग देने की जिम्मेदारी सहवाग के कंधों पर होगी जो कि अब अपनी कंधे की चोट से उबरकर प्रतिद्वंद्वी टीम के छक्के छुड़ाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

भारत के विवियन रिचडर्स कहे जाने वाले सहवाग चोटिल होने के कारण वर्ष 2009 और 2010 में ट्‍वेंटी-20 विश्वकप में न खेल पाने की कसक इस बार विश्वकप में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से निकालने को तैयार हैं।

सहवाग के अलावा भारत के पास यूसुफ के रूप में एक ऐसा ऑलराउंडर है जिसकी शानदार फार्म और बेरहम बल्लेबाजी किसी भी टीम को भयभीत करने के लिए काफी है।

चार बार विश्वकप अपने नाम करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम पाँचवीं बार खिताब अपने नाम करने को बेताब है। उसकी जीत का दारोमदार लगातार दूसरी बार एलेन बार्डर मैडल जीतने वाले वाटसन के कंधों पर होगा, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 161 रनों की आक्रामक पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को सात मैचों की ‍सिरीज में शानदार शुरूआत दी। ऑस्ट्रेलिया ने हाल में समाप्त हुए इस सिरीज में इंग्लैंड को 6-1 से धोया था।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गत वर्ष एशेज में 168 और 135 रनों की पारी खेलकर शानदार प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के तीसरे नंबर के बल्लेबाज ट्राट को देखकर लगता है कि उनकी रनों की भूख अभी शांत नहीं हुई है और वह रनों का अंबार लगाकर किसी भी टीम को छकाने में कामयाब हैं।

वहीं गत वर्ष ट्‍वेंटी-20 विश्वकप में इंग्लैंड को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पीटरसन वनडे विश्वकप में भी टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।

दक्षिण अफ्रीकी टीम में दाएँ हाथ के बेहतरीन बल्लेबाज हाशिम अमला और विकेटकीपर बल्लेबाज ए बी डीविलियर्स की शानदार फार्म ने बाकी टीमों की नाक में दम कर रखा है।

वर्ष 2008 में अपने अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय करियर की शुरुआत करने वाले ओपनर अमला 42 मैचों में 59.88 के शानदार औसत से 2156 रन बना चुके हैं जिनमें सात शतक और 12 अर्द्धशतक शामिल हैं। यह शानदार औसत किसी भी टीम को दबाव में लाने के लिए काफी है।

वहीं वनडे रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाज अमला के बाद दूसरे नंबर पर काबिज डीविलियर्स भी भारतीय उपमहाद्वीप में धुआँधार बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने यहाँ खेलीं 23 पारियों में तीन शतकों और पाँच अर्द्धशतकों की मदद से 52.22 की शानदार औसत से 940 रन बनाए हैं।

श्रीलंका की टीम के पास तिलकरत्ने दिलशान के रूप में एक ऐसा खिलाड़ी है जो अपने आक्रामक अंदाज के लिए जाना जाता है। दिलशान जहाँ सहवाग की ही तरह अपनी आक्रामकता से गेंदबाजों की धज्जियाँ उड़ाने में विश्वास रखते हैं वहीं गेंदबाजी कर टीम में ऑलराउंडर की भूमिका भी निभाते हैं।

मात्र 16 वर्ष की उम्र में वनडे मैच में श्रीलंका के खिलाफ 37 गेंदों में सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज बनकर पाकिस्तान के हीरो बने अफरीदी विश्वकप में कप्तान के रूप में टीम की बागडोर संभालेंगे वहीं उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भी प्रतिद्वंद्वी टीमों के लिए बड़ा सिरदर्द होगी। लेग स्पिनर के रूप में विकेट लेने की काबिलियत और शानदार क्षेत्ररक्षण उन्हें एक संपूर्ण क्रिकेटर बनाता है।

अफरीदी के अलावा पाकिस्तान के पास 19 वर्षीय शहजाद के रूप में एक और मैच जिताऊ खिलाड़ी है। ओपनर शहजाद ने इस वर्ष न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय सिरीज के पाँचवें मैच में शानदार 115 ठोककर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी धमाकेदार दस्तक दे दी है।

वेस्टइंडीज की टीम भले ही वनडे रैंकिंग में अब तक की अपनी सबसे निचली नौवीं रैंकिंग पर खिसक गई हो लेकिन उसके पास कप्तान क्रिस गेल और ड्वेन ब्रावो जैसे खिलाड़ी हैं जो अपने दिन कभी भी मैच का रुख पलट सकते हैं।

पिछली बार विश्वकप में मात्र एक अर्द्धशतक बनाने वाले गेल इस बार विश्वकप में शानदार प्रदर्शन कर टीम को जिताने की पूरी कोशिश करेंगे। ब्रावो जहाँ बल्ले के दम पर मध्यम क्रम के बल्लेबाज के रूप में टीम को किसी भी मुश्किल हालात से निकालने की काबिलियत रखते हैं, वहीं उनकी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण भी कमाल का है। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता