शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. पर्यटन
  3. पहाड़ों की गोद में
Written By स्वरुप बाजपेयी

औली- बर्फीला रोमांच

औली- बर्फीला रोमांच -
WDWD
ऊँचे-ऊँचे सफेद चमकीले पहाड़, जिन पर बेहद रोमांटिक दृश्य निर्मित करते धुँध के रूप में लिपटे बादल, मीलों दूर तक जमी बर्फ की सफेद चादर, कुल मिलाकर एक सपनीले संसार की रचना... जहाँ नजर दौड़ाइए बर्फ की प्राकृतिक फिसलपट्टी आपको आमंत्रित करती जान पड़ती है स्कीइंग करने के लिए। नहीं... नहीं यहाँ स्विट्जरलैंड के किसी नजारे के बारे में बात नहीं हो रही है। आपको शायद पता नहीं कि ये खूबसूरत जगह उत्तरांचल में 'औली' है। भारत का सबसे बड़ा स्कीइंग क्षेत्र जहाँ जाकर आप भूल ही जाएँगे कि गर्मियों का मौसम चल रहा है।

जोशीमठ के आगे औली उत्तरांचल के सबसे ऊपरी भाग में स्थित है। यहाँ केवल बर्फ ही बर्फ नहीं है साथ में है भरपूर चमकती हरियाली, जो पहाड़ों की सुंदरता को बनाती है और भी मस्ती और ताजगी भरी! गर्मियों में भी पहाड़ हरी चमकीली घास और चटख फूलों से ढँके रहते हैं। जोशीमठ से 16 किमी दूर औली का मुख्य आकर्षण है 3 किलोमीटर लंबा रोमांचकारी ढलान जिसकी ऊँचाई है 2519 मीटर से लेकर 3049 मीटर तक और जिसका बाकायदा रखरखाव गढ़वाल मंडल विकास निगम द्वारा किया जाता है। यहाँ स्कीइंग के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

यहाँ केवल बर्फ ही बर्फ नहीं है साथ में है भरपूर चमकती हरियाली, जो पहाड़ों की सुंदरता को बनाती है और भी मस्ती और ताजगी भरी! गर्मियों में भी पहाड़ हरी चमकीली घास और चटख फूलों से ढँके रहते हैं।
कब जाएँ :
दिसंबर से मई-जून तक, यहाँ से भले ही आप गर्मियों में जा रहे हैं लेकिन गर्म कपड़े, टोप, मोजे, दस्ताने, मफलर्स, पुलोवर्स, विंड प्रूफ जैकेट, सनग्लासेस, गम बूट या स्नो बूट तथा टार्च ले जाना न भूलें।

कहाँ से जाएँ :
पहले आपको जोशीमठ जाना होगा फिर जोशीमठ से बसें उपलब्ध हैं। यदि दिल्ली, वाराणसी तथा आगरा से जा रहे हैं तो हरिद्वार सबसे करीब स्टेशन है। जोशीमठ हरिद्वार से 276 किलोमीटर, ऋषिकेश से 253 किलोमीटर, देहरादून से 295 किलोमीटर और दिल्ली से 500 किलोमीटर की दूरी पर है।

जोशीमठ से कार या टैक्सी भी ली जा सकती है। ज्यादा रोमांच चाहते हैं तो 1 हजार से 3 हजार मीटर की ऊँचाई नापते हुए केबल कार का सहारा ले लें।

अन्य दर्शनीय स्थल-
दयारा बुग्या
स्थानीय भाषा में इन्हें बुग्याल कहा जाता है यानी ऊँचे स्थान पर स्थित चरागाह। यह बुग्याल 3048 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बनती है। यहाँ भी स्कीइंग की सुविधा है। यहाँ से हिमालय का दृश्य इतना अद्‍भुत ‍िदखाई देता है कि आप साँस रोककर नजारा करते रह जाते हैं। यहाँ भाटवारी और स्थानीय घरों में रुकने की व्यवस्था हो जाती है।

WDWD

मुंडाली
यह देहरादून से 129 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हिमालय की बर्फ से ढँकी चोटियों का बेहद रोमांचक नजारा यहाँ से देखा जा सकता है। स्कीइंग के लिए यहाँ भी अच्छा स्लोप है।

मुनस्यारी
नेपाल की सीमा पर स्थित इस पहाड़ी जिले के पूर्व में नेपाल है और उत्तर में तिब्बत। यह 2135 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। यह मिलम, नामिक तथा रालिम ग्लेशियर के लिए आधार कैंप है।

गढ़वाल और कुमायूँ में औली तो मुख्य स्कीइंग स्थल है ही लेकिन यहाँ आने पर आप पाएँगे कि यहाँ और भी बहुत से विंटर स्पोर्ट स्थल हैं। जैसे गढ़वाल में कुश कल्याण तथा उत्तरकाशी जिले में केदार कांठा, टिहरी गढ़वाल जिले में पनवाली और मत्या, चमोली में बेड़नी बुग्याल, कुमायूँ के पिथौरागढ़ जिले में चिपलाकोट घाटी। यदि आपको स्कीइंग का थोड़ा- सा भी ज्ञान है तो आप यहाँ भरपूर आनंद उठा सकते हैं। तो फिर देर किस बात की है आइए चलें और उठाएँ भारत में ही स्विट्‍जरलैंड का-सा आनंद!