1. खेल-संसार
  2. »
  3. आईप‍ीएल लीग
  4. »
  5. समाचार

तनवीर ने मचाया तहलका

राजस्थान रॉयल्स ने किंग्स को रौंदा

इंडियन प्री‍मियर लीग क्रिकेट राजस्थान रॉयल्स
सोहेल तनवीर की ट्वेंटी-20 क्रिकेट इतिहास की सबसे घातक गेंदबाजी की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच को चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी की कब्रगाह बनाते हुए इंडियन प्रीमियर लीग में लगातार पाँचवीं जीत दर्ज की।

तनवीर के 14 रन पर छह विकेट झटककर सुपर किंग्स की बल्लेबाजी को नेस्तनाबूद करने के बाद मेजबान टीम ने सलामी बल्लेबाजों ग्रीम स्मिथ (नाबाद 35) और स्वप्निल असनोदकर (32) की उम्दा पारियों की बदौलत दो विकेट पर 110 रन बनाकर 5.4 ओवर शेष रहते ही आठ विकेट से आसान जीत दर्ज की। स्मिथ ने सुरेश रैना की गेंद को मिड ऑफ पर खेलकर दो रन के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुँचाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुपर किंग्स की टीम एल्बी मोर्कल (42) की शानदार पारी के बावजूद 19 ओवर में 109 रन पर ही सिमट गई। आईपीएल का यह दूसरा सबसे कम स्कोर है। सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के नाम है, जो पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मात्र 82 रन बना पाए थे।

सुपर किंग्स पर जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स छह मैचों में पाँच जीत से दस अंकों के साथ अंक तालिका में चोटी पर पहुँच गया है, जबकि पहले चार मैच जीतकर आदर्श शुरुआत करने वाली महेंद्रसिंह धोनी की टीम लगातार दूसरी हार के बाद आठ अंकों के साथ आठ टीमों में तीसरे स्थान पर है।

आज मुंबई इंडियन्स के हाथों 29 रन की हार झेलने वाली दिल्ली डेयरडेविल्स के भी आठ ही अंक हैं, लेकिन वह बेहतर नेट रनगति के आधार दूसरे स्थान पर है।

सुपर किंग्स के 110 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को स्मिथ और असनोदकर ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 78 रन जोड़कर आदर्श शुरुआत दिलाई। स्मिथ हालाँकि शुरुआत में ही भाग्यशाली रहे, जब तीसरे ओवर में मखाया एंतिनी की गेंद पर जोगिंदर शर्मा ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान इस समय मात्र सात रन बनाकर खेल रहे थे।

स्मिथ ने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए एंतिनी पर मिडविकेट तथा कवर और प्वाइंट के बीच से लगातार दो चौके जड़े। असनोदकर ने अगले ओवर में मनप्रीत गोनी पर स्लिप क्षेत्र से गेंद को सीमा रेखा तक पहुँचाया। उन्होंने इसके बाद सुरेश रैना पर भी कवर क्षेत्र में चौका जड़ा।

असनोदकर और स्मिथ ने धैर्य के साथ स्कोर को आगे बढ़ाया। उन्हें हालाँकि चेन्नई की दिशाहीन गेंदबाजी का भी काफी फायदा मिला जिन्होंने 21 अतिरिक्त रन देकर मेजबान टीम की राह आसान कर दी।

प्रमुख गेंदबाजों के नाकाम रहने के बाद धोनी ने गेंदबाजी की कमान विद्युत शिवरामाकृष्णन को सौंपी, जिन्होंने कप्तान को निराश किए बगैर पहली ही गेंद पर असनोदकर को एंतिनी के हाथों कैच कराकर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। असनोदकर ने 30 गेंद का सामना करते हुए पाँच चौके जमाए।

इससे पूर्व सोहेल तनवीर की बेहतरीन गेंदबाजी की मदद से राजस्थान रायल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 109 रन पर समेट दिया था। चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत काफी खराब रही और तीसरे ओवर में ही मात्र 11 रन पर उसके चोटी के तीन बल्लेबाज पैवेलियन लौट चुके थे। मेजबान टीम को तनवीर ने सशक्त शुरुआत दिलाते हुए मैच की पहली गेंद पर ही सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल को पगबाधा आउट किया।

तनवीर ने पाँचवीं गेंद पर न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को भी पगबाधा आउट कर मेहमान टीम को दोहरा झटका दिया। इस समय टीम का स्कोर दो विकेट पर एक रन था। सुपर किंग्स के बल्लेबाज तनवीर के आगे बेबस दिखे, जिन्होंने पिछले मैच में अर्धशतक जमाने वाले विद्युत शिवरामाकृष्णन (5) को दूसरी स्लिप में कप्तान शेन वार्न के हाथों कैच कराया।

सुरेश रैना और एस. बद्रीनाथ (15) ने चौथे विकेट के लिए 27 रन जोड़ते हुए टीम को संकट से उबारने की कोशिश की। बद्रीनाथ हालाँकि अपनी पारी को सँवारने में नाकाम रहे और शेन वॉटसन की गेंद पर उन्हीं को आसान कैच थमा बैठे।

चेन्नई की उम्मीदें एक बार फिर कप्तान महेंद्रसिंह धोनी पर टिकी थीं लेकिन वे वार्न की फिरकी के जादू के आगे बेबस दिखे। वार्न ने भारतीय एक दिवसीय टीम के कप्तान धोनी को स्लिप में ग्रीम स्मिथ के हाथों कैच कराया। धोनी एक रन ही बना सके।

तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल ने इसके बाद 14वें ओवर में रैना (27) और जोगिंदर शर्मा (0) तनवीर के हाथों कैच कराकर बड़ा स्कोर खड़ा करने की चेन्नई की उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया।

एल्बी मोर्कल (42) चेन्नई की ओर से शीर्ष स्कोरर रहे। मोर्कल ने 33 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का जड़ा। उन्हें तनवीर ने बोल्ड किया। तनवीर ने मुथैया मुरलीधरन (0) और मखाया एनटिनी (11) को भी बोल्ड किया।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें