1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

सचिन तेंडुलकर को जीत का तोहफा

मुंबई इंडियंस ने डेक्कन को 37 रन से हराया

आईपीएल 4
रोहित शर्मा (नाबाद 56) के लगातार दूसरे अर्धशतक के बाद तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा (नौ रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस ने डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद को आईपीएल-4 मैच में रविवार को 37 रनों से रौंदकर अपने कप्तान सचिन तेंडुलकर को 38वें जन्मदिन पर शानदार तोहफा दे दिया।

रोहित ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए महज 34 गेंदों में पाँच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर इंडियंस को चार विकेट पर 172 रन के मजबूत स्कोर पर पहुँचाया। इसके जवाब में चार्जर्स की टीम आठ विकेट पर 135 रन ही बना सकी। मलिंगा ने मात्र नौ रन पर तीन विकेट लेकर चार्जर्स को कभी भी मैच में उभरने का मौका नहीं दिया।

इंडियंस की छह मैचों में यह पाँचवीं जीत है और वह दस अंकों के साथ अंकतालिका में सबसे ऊपर है। इस जीत के साथ ही टीम ने सेमीफाइनल की तरफ अपने कदम मजबूती से बढ़ा लिए हैं, जबकि मेजबान चार्जर्स की छह मैचों में यह चौथी हार है।

चार्जर्स की तरफ से कप्तान कुमार संगकारा ने सर्वाधिक 34 रन बनाए जबकि शिखर धवन और अमित मिश्रा ने 25-25 रन का योगदान दिया। इंडियंस की ओर से मलिंगा के तीन विकेटों के अलावा मुनाफ पटेल और किरोन पोलार्ड ने एक-एक विकेट लिया। इंडियंस के खिलाड़ियों ने शानदार फील्डिंग करते हुए चार्जर्स के तीन बल्लेबाजों को रन आउट किया।

जीत के लिए 173 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरे चार्जर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सन्नी सोहल मात्र पाँच रन बनाकर रन आउट हो गए। धवन और संगकारा ने दूसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़कर टीम को पटरी पर लाने की कोशिश की, लेकिन मलिंगा ने इन दोनों बल्लेबाजों को बोल्ड करके चार्जर्स को चार्ज होने से पहले की फ्यूज कर दिया।

इन झटकों के बाद चार्जर्स की टीम फिर उबर नहीं पाई और उसे घरेलू दर्शकों के सामने एक और हार का सामना करना पड़ा। धवन ने 22 गेंदों में पाँच चौकों की मदद से 25 रन और संगकारा ने 28 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 35 रन बनाए।

कैमरून व्हाइट एक रन और भरत चिपली छह रन बनाकर आउट हुए। डेनियल क्रिस्टियन ने 18 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए, जबकि मिश्रा 19 गेंदों में चार चौकों की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले रोहित और एंड्रयू साइमंड्स के धूमधडाके से मुंबई ने चार विकेट पर 172 रन का मजबूत स्कोर बनाया। रोहित ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए महज 34 गेंदों में पाँच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 56 रन बनाए जबकि एंड्रयू साइमंड्स ने 33 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 44 रन का योगदान दिया। ओपनर डेवी जैकब्स ने 28 और कप्तान सचिन तेंडुलकर ने 28 रन बनाए।

मुंबई का स्कोर 18 ओवर की समाप्ति पर चार विकेट पर 132 रन था, लेकिन रोहित और साइमंड्स ने 19वें ओवर में 16 रन और 20वें ओवर में 24 रन ठोंककर टीम को मजबूत स्कोर पर पहुँचा दिया। इन दोनों बल्लेबाजों ने पाँचवें विकेट के लिए 10.5 ओवर में 102 रन की साझेदारी की।

चार्जर्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। जैकब्स और सचिन ने पहले विकेट के लिए 5.1 ओवर में 47 रन बनाए। जैकब्स 20 गेंदों में पाँच चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर प्रज्ञान ओझा के हाथों लपके गए।

सचिन और अंबाती रायुडू (7) ने दूसरे विकेट के लिए 23 रन जोड़े। सचिन 24 गेंदों में चार चौकों की मदद से 28 रन बनाने के बाद अमित मिश्रा की गेंद पर लंबा शॉट खेलने के चक्कर में बाउंड्री के पास डेल स्टेन को कैच थमा बैठे। उस समय टीम का स्कोर 70 रन था। इसी स्कोर पर इंडियंस ने रायुडू और कीरोन पोलार्ड (0) को भी गँवा दिया।

लेकिन, रोहित और साइमंड्स ने इसके बाद संयम के साथ खेलते हुए टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया और अंतिम ओवरों में चार्जर्स के गेंदबाजों का फ्यूज निकालते हुए जमकर रन बटोरे। चार्जर्स की ओर से मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि ओझा और ईशांत को एक-एक विकेट मिला। डेनियल क्रिस्टियन चार ओवर में 48 रन देकर कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए। (वार्ता)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें