शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. आईना 2017
  4. Events 2017
Written By
Last Modified: रविवार, 31 दिसंबर 2017 (17:14 IST)

वर्ष 2017 की प्रमुख घटनाएं

वर्ष 2017 की प्रमुख घटनाएं - Events 2017
नई दिल्ली। देश को इस साल रामनाथ कोविन्द के रूप में नया राष्ट्रपति मिलने के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की ताजपोशी, उत्तरप्रदेश में वर्षों के वनवास के बाद विधानसभा में भाजपा की वापसी तथा पाकिस्तान द्वारा सीमा पर लगातार संघर्षविराम उल्लंघन जैसी घटनाएं देश के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों में शामिल रहीं।
 
1 जनवरी। उत्तरप्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी में बढ़ते घमासान के बीच पार्टी में विभाजन की स्थिति पैदा हुई। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अगुवाई वाले धड़े ने अधिकतर विधायकों एवं जिला इकाइयों का समर्थन होने का दावा करते हुए मुलायम सिंह यादव को पार्टी प्रमुख के पद से हटाकर अखिलेश को उनकी जगह पार्टी प्रमुख नियुक्त किया।
 
कोलकाता, 3 जनवरी। लोकसभा में तृणमूल नेता सुदीप बंदोपाध्याय रोज वैली चिटफंड घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार।
 
नई दिल्ली, 9 जनवरी। जम्मू-कश्मीर में भारत-पाक सीमा पर तैनात बीएसएफ के एक जवान ने 'अत्याचार' का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें घटिया किस्म का खाना दिया जाता है और कई बार उन्हें 'खाली पेट' रहना पड़ता है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मामले में जांच के आदेश दिए।
 
नई दिल्ली, 11 जनवरी। सऊदी अरब ने भारत का सालाना हज कोटा बढ़ाकर 3 दशक में सबसे अधिक 34,500 किया।
 
मुंबई, 12 जनवरी। एन. चन्द्रशेखरन 150 साल पुराने टाटा संस के पहले गैर पारसी अध्यक्ष घोषित।
 
नई दिल्ली, 15 जनवरी। क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस में शामिल।
 
नई दिल्ली, 16 जनवरी। निर्वाचन आयोग ने अखिलेश यादव की अगुवाई वाले धड़े को 'साइकिल' चुनाव चिह्न दिया।
 
जोधपुर, 18 जनवरी। 2 काले हिरणों के कथित शिकार मामले में जोधपुर की निचली अदालत ने बॉलीवुड कलाकार सलमान खान को उन्हें शस्त्र अधिनियम के तहत सभी आरोपों से बरी किया।
 
नई दिल्ली, 25 जनवरी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने अपना पद्मविभूषण सम्मान किसानों को समर्पित किया।
 
जयपुर, 27 जनवरी। फिल्म 'पद्मावती' के सेट पर हमला।
 
जयपुर, 28 जनवरी। निर्देशक संजय लीला भंसाली ने 'पद्मावती' फिल्म की शूटिंग रद्द करते हुए कहा कि एक राजपूत समूह द्वारा उन पर किया गया हमला और फिल्म के सेट पर की गई तोड़फोड़ अनुचित थी।
 
बठिंडा, 31 जनवरी। पंजाब विधानसभा चुनाव के कुछ दिन पहले कांग्रेस उम्मीदवार के रोड शो स्थल के नजदीक हुए एक विस्फोट में 3 लोगों की मौत हो गई और 6 घायल हो गए।
 
फरवरी
 
कोहिमा, 2 फरवरी। राज्य में शहरी स्थानीय इकाइयों के चुनाव के खिलाफ अपना गुस्सा दिखाते हुए हिंसक भीड़ ने राजधानी में तोड़फोड़ की और सरकारी कार्यालयों तथा वाहनों में आग लगा दी जिसके बाद वहां सेना की 5 टुकड़ियां तैनात की गईं।
 
नई दिल्ली, 6 फरवरी। उत्तराखंड में रिक्टर पैमाने पर 5.8 तीव्रता का भूकंप, हल्के झटके दिल्ली और भारत के उत्तरी हिस्से में महसूस किए गए।
 
नई दिल्ली, 7 फरवरी। अन्नाद्रमुक में वीके शशिकला के खिलाफ विद्रोह हुआ। ओ. पन्नीरसेल्वम ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटने को मजबूर किया गया था।
 
जम्मू, 13 फरवरी। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।
 
श्रीनगर, 14 फरवरी। कश्मीर में 2 अलग-अलग मुठभेड़ों में 4 सैनिक शहीद हुए, 4 आतंकी मारे गए। 1 नागरिक भी घायल हो गया।
 
मुंबई, 20 फरवरी। प्रवर्तन निदेशालय ने विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के खिलाफ ताजा समन दायर किया।
 
अहमदाबाद, 22 फरवरी। प्रसिद्ध हास्य लेखक और नाटककार तारक मेहता का 87 साल की उम्र में निधन।
 
बालेश्वर, 22 फरवरी। भारत में निर्मित सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल का सफल परीक्षण।
 
नई दिल्ली, 23 फरवरी। नौसेना ने देश में निर्मित कलवरी श्रेणी की पनडुब्बी से पहली बार पोत विध्वंसक मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।
 
रायपुर, 24 फरवरी। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के साथ हुई गोलीबारी में 2 सुरक्षाबल शहीद हो गए और 2 घायल।
 
नई दिल्ली, 25 फरवरी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके साले और एक सरकारी अधिकारी के खिलाफ कथित पीडब्ल्यूडी घोटाले के आरोपों की जांच के संबंध में दिल्ली पुलिस ने अदालत के समक्ष स्थिति रिपोर्ट दायर की।
 
नई दिल्ली, 26 फरवरी। 104 उपग्रहों के प्रक्षेपण और एक नई मिसाइल के सफल परीक्षण की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत को आम आदमी के हित में प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने के लिए अधिक वैज्ञानिकों की आवश्यकता है।
 
नई दिल्ली, 28 फरवरी। धनशोधन और अन्य मामलों में प्रवर्तन निदेशालय ने विवादित इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक के लिए एक और समन जारी किया।
 
नई दिल्ली, 28 फरवरी। डीयू की छात्रा गुरमेहर कौर ने एबीवीपी के खिलाफ मार्च निकाला। 
 
 
मार्च
 
बालेश्वर, 1 मार्च। भारत ने ओडिशा के तट से स्वदेश में विकसित इंटरसेप्टर मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।
 
नई दिल्ली, 5 मार्च। मनोहर पर्रिकर के इस्तीफे के बाद वित्तमंत्री अरुण जेटली को रक्षामंत्री का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
 
नई दिल्ली, 10 मार्च। एनआईए की विशेष अदालत ने 2007 के समझौता एक्सप्रेस विस्फोट मामले में 13 पाकिस्तानी नागरिकों को गवाही के लिए समन किया। विस्फोट में 68 लोग मारे गए थे।
 
देहरादून, 11 मार्च। भाजपा नेता त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
 
नई दिल्ली, 13 मार्च। वर्ष 1997 में हुए उपहार अग्निकांड मामले में गोपाल अंसल ने तिहाड़ जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
 
नई दिल्ली, 16 मार्च। इलाज के लिए विदेश गईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी देश लौटीं।
 
लखनऊ, 19 मार्च। योगी आदित्यनाथ ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, उत्तरप्रदेश में भाजपा का वर्षों का वनवास खत्म।
 
नई दिल्ली , 22 मार्च। उच्चतम न्यायालय ने BS-III उत्सर्जन नियम के तहत पंजीकृत वाहनों पर 1 अप्रैल से रोक लगाई।
 
000
 
अप्रैल
 
नई दिल्ली, 1 अप्रैल। स्पाइस जेट ने एयर इंडिया के कर्मी पर हमला करने वाले शिवसेना के सांसद रवीन्द्र गायकवाड़ की टिकट रद्द की।
 
श्रीनगर, 3 अप्रैल। श्रीनगर में सुरक्षाबलों के काफिले पर आतंकी हमले में सीआरपीएफ का 1 जवान शहीद और 5 अन्य जवान घायल घायल हुए।
 
जम्मू, 4 अप्रैल। पाकिस्तानी बलों ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों और रिहायशी इलाकों पर गोलाबारी की।
 
नई दिल्ली, 5 अप्रैल। कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में 9 गोलियां लगने से कोमा में गए सीआरपीएफ के कमांडर चेतन चीता के स्वास्थ्य में सुधार हुआ और उन्हें एम्स से छुट्टी दी गई। 
 
जम्मू। पाकिस्तानी बलों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास मोर्टार दागकर संघर्षविराम का उल्लंघन किया।
 
नई दिल्ली, 8 अप्रैल। उत्तरी दिल्ली के कोतवाली इलाके में 2 व्यक्तियों ने सर्जिकल ब्लैड से जर्मनी के 19 वर्षीय नागरिक पर कथित रूप से हमला कर उसका बटुआ एवं मोबाइल फोन छीना। दोनों आरोपी गिरफ्तार।
 
नई दिल्ली, 15 अप्रैल। उत्तरप्रदेश के रामपुर के निकट मेरठ-लखनऊ राज्यरानी एक्सप्रेस के 8 डिब्बे पटरी से उतरे, 2 यात्री घायल हुए। 
 
नई दिल्ली/ कोलकाता, 17 अप्रैल। सीबीआई ने नारद स्टिंग ऑपरेशन मामले में सांसदों एवं मंत्रियों समेत तृणमूल कांग्रेस के 12 शीर्ष नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया।
 
नई दिल्ली, 18 अप्रैल। सीबीआई ने लोक निर्माण विभाग में पेशेवरों की भर्ती में कथित अनियमितताओं के संबंध में दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येन्द्र जैन के खिलाफ जांच शुरू की। 
 
श्रीनगर, 22 अप्रैल। मध्य कश्मीर के बड़गाम जिले में एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 2 आतंकवादी मारे गए।
 
नई दिल्ली, 25 अप्रैल। दिल्ली पुलिस ने अविभाजित अन्नाद्रमुक के 'दो पत्तियों' वाले चुनाव चिह्न को हासिल करने के लिए निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी को रिश्वत देने की कथित कोशिश के मामले में 4 दिन की पूछताछ के बाद अन्नाद्रमुक (अम्मा) के नेता टीटीवी दिनाकरण को गिरफ्तार किया।
 
नई दिल्ली, 26 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी ने आप और कांग्रेस को हराकर दिल्ली नगर निगम के चुनावों में जीत हासिल की।
 
नई दिल्ली, 30 अप्रैल। तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने कश्मीर मुद्दे को सुलझाने और घाटी में शांति सुनिश्चित करने के लिए एक बहुपक्षीय वार्ता का सुझाव दिया।
 
नई दिल्ली/ इस्लामाबाद, 2 मई। भारत ने नियंत्रण रेखा के भारतीय क्षेत्र में 2 सैनिकों के सिर काटे जाने पर पाकिस्तान को 'स्पष्ट कार्रवाई' की चेतावनी दी। पाकिस्तान ने इस आरोप को खारिज किया और भारत से इस दावे के लिए 'कार्रवाई करने योग्य सबूत' की मांग की। 
 
 
मई
 
बालेश्वर, 4 मई। भारत ने ओडिशा तट से दूर एक द्वीप से एक मध्यम दूरी की परमाणु क्षमता वाली अग्नि-।। मिसाइल का परीक्षण किया।
 
नई दिल्ली, 6 मई। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में 2 स्कूलों के पास स्थित एक कंटेनर डिपो में रासायनिक रिसाव के कारण जहरीला धुआं फैलने से 450 स्कूली छात्राएं बीमार।
 
नई दिल्ली, 7 मई। केंद्र सरकार ने सीआरपीएफ के नक्सलरोधी अभियान कमान मुख्यालय को कोलकाता से छत्तीसगढ़ स्थानांतरित किया।
 
नई दिल्ली, 9 मई। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव की फांसी पर रोक लगाई। जाधव को पाकिस्तानी सैन्य अदालत ने 'जासूसी' के आरोपों के चलते सजा-ए-मौत सुनाई थी।
 
जम्मू, 13 मई। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी की जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई।
 
नई दिल्ली, 18 मई। पर्यावरण मंत्री अनिल दवे का 60 साल की उम्र में निधन। 
 
मुंबई। बॉलीवुड की अभिनेत्री रीमा लागू का मुंबई के एक अस्पताल में 59 साल की उम्र में निधन।
 
नई दिल्ली, 23 मई। नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान असम के तेजपुर से सुखोई-30 एमकेआई विमान लापता।
 
नई दिल्ली, 26 मई। भारतीय वायुसेना ने सुखोई विमान दुर्घटना में कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए।
 
नई दिल्ली। पंजाब में आतंकवाद के सफाए के लिए चर्चित सुपर कॉप केपीएस गिल का निधन। 
 
 
जून
 
जम्मू, 3 जून। पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना के संघर्षविराम उल्लंघन में 1 महिला सहित 2 व्यक्ति घायल।
 
चेन्नई/हैदराबाद, 4 जून। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर कश्मीर मुद्दे को 'कमजोर' करने का आरोप लगाया, वहीं भाजपा ने कांग्रेस की एक बुकलेट में 'भारत अधिकृत कश्मीर' लिखे जाने पर पार्टी की आलोचना की।
 
नई दिल्ली, 6 जून। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के प्रदर्शन को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने अधिकारों की मांग पर उन्हें 'गोलियां' मारी जा रही हैं।
 
जम्मू, 10 जून। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारत की अग्रिम सैन्य चौकियों और नागरिक इलाकों पर भारी गोलीबारी की। 
 
नई दिल्ली, 11 जून। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, सेना प्रमुख बिपिन रावत पर एक टिप्पणी कर विवादों में घिरे। भाजपा ने संदीप दीक्षित के निष्कासन और सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की।
 
जम्मू, 13 जून। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों के 2 सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया। भारतीय सैनिकों के जवाबी हमले में 2 पाकिस्तानी सैनिक ढेर। 
 
बेंगलुरु, 17 जून। बेंगलुरु मेट्रो का पहला चरण पूरा। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 11.3 किलोमीटर लंबी 'मेट्रो ग्रीन लाइन' का उद्घाटन किया।
 
नई दिल्ली, 19 जून। राजग के राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी और बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने कहा कि वे प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे और इस पद के लिए 'आम सहमति से उम्मीदवार' बनने के लिए समर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। 
 
पटना, 23 जून। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रपति पद के राजग उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देने पर पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं किए जाने की बात कही। 
 
000
 
जुलाई।
 
पणजी, 1 जुलाई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर में पिछले साल सेना के सर्जिकल स्ट्राइक करने के बाद भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदला और यह भी जाहिर हुआ कि देश आत्मरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
 
नई दिल्ली, 3 जुलाई। पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए भारत ने कहा कि हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकवादी सैयद सलाहुद्दीन का भारत पर आतंकवादी हमले करने और पाकिस्तान से मदद मिलने की बात स्वीकार करना सीमापार से आतंकवाद की पड़ोसी देश की नीति का सबूत है।
 
नई दिल्ली, 6 जुलाई। देश का नया विमान अपहरणरोधी कानून सरकारी अधिसूचना के बाद लागू हो गया।
 
दार्जीलिंग, 8 जुलाई। गोरखालैंड समर्थकों के एक पुलिस चौकी को फूंकने के बाद दार्जीलिंग पहाड़ियों में ताजा हिंसा भड़की जिससे राज्य सरकार को फिर से सेना बुलानी पड़ी।
 
श्रीनगर, 10 जुलाई। कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रियों पर आतंकवादी हमले में 6 महिलाओं समेत 7 यात्रियों की मौत और 19 अन्य घायल। 
 
रामबन/जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस फिसलकर गहरे नाले में जा गिरी जिससे उसमें सवार 17 अमरनाथ यात्रियों की मौत हो गई और करीब 29 लोग घायल हो गए।
 
श्रीनगर/नई दिल्ली, 24 जुलाई। एनआईए ने कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी के दामाद अल्ताफ अहमद समेत 7 लोगों को कश्मीर घाटी में आतंकवादी और विध्वसंक गतिविधियों को वित्तपोषण देने की जांच के संबंध में गिरफ्तार किया।
 
गाजियाबाद, 24 जुलाई। सीबीआई की विशेष अदालत ने नोएडा के कारोबारी मोनिंदर सिंह पंढेर और उसके सहायक सुरिंदर कोली को वर्ष 2006 में 20 वर्षीय घरेलू सहायिका पिंकी सरकार की हत्या करने के मामले में मौत की सजा सुनाई।
 
नई दिल्ली, 25 जुलाई। भारत के वर्तमान प्रधान न्यायाधीश जेएस खेहर ने देश के अगले प्रधान न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा को नामित किया।
 
पटना, 26 जुलाई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अप्रत्याशित रूप से इस्तीफा दिया, लेकिन भाजपा के साथ मिलकर सरकार भी बना ली। (भाषा)
 
000
 
अगस्त
 
नई दिल्ली, 2 अगस्त। उच्चतम न्यायालय ने बंबई उच्च न्यायालय से दही-हांडी पर उसके फैसले की समीक्षा करने को कहा।
 
ठाणे। 4 अगस्त। स्वाइन फ्लू से 2 वरिष्ठ नागरिकों की मौत के साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 23 हुई।
 
नई दिल्ली, 5 अगस्त। एम. वेंकैया नायडू भारत के अगले उपराष्ट्रपति निर्वाचित।
 
अहमदाबाद/नई दिल्ली। 8 अगस्त। कांग्रेस प्रत्याशी अहमद पटेल राज्यसभा के चुनाव में जीते। नाटकीय घटनाक्रम में चुनाव आयोग ने कांग्रेस के 2 बागी विधायकों के वोट रद्द किए।
 
नई दिल्ली। डोकलाम मुद्दे पर भारत-चीन के बीच गतिरोध जारी। 
 
चंडीगढ़, 9 अगस्त। आईएएस अधिकारी की बेटी का पीछा करने के आरोप में भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सुभाष बराला का बेटा विकास गिरफ्तार।
 
नई दिल्ली, 10 अगस्त। सरकार ने पहलाज निहलानी की जगह प्रसून जोशी को सेंसर बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया।
 
गोरखपुर, 12 अगस्त। उत्तरप्रदेश के गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करीब 30 बच्चों की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य निलंबित।
 
शिमला, 13 अगस्त। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पढ़ार के समीप कोटपुरी में हिमाचल प्रदेश राज्य परिवहन निगम की 2 बसें भूस्खलन की चपेट में आईं जिससे 46 लोग मारे गए। 
 
पिथौरागढ़, 14 अगस्त। जिले के धारचूला उपसंभाग में बादल फटने की 2 घटनाओं में 6 लोगों की मौत। 
 
लेह/नई दिल्ली, 15 अगस्त। भारत के सीमा प्रहरियों ने लद्दाख के पेंगांग झील के किनारे भारतीय भूभाग में घुसने की चीनी सैनिकों की कोशिश नाकाम की। 
 
खतौली/नई दिल्ली, 19 अगस्त। उत्कल एक्सप्रेस के 14 डिब्बे पटरी से उतरे जिससे 23 लोगों की मौत, कई घायल। 
 
पटना/गुवाहाटी/कोलकाता/लखनऊ। बिहार, असम, पश्चिम बंगाल और उत्तरप्रदेश में बाढ़ का कहर जारी, 88 लोगों की मौत। 
 
चेन्नई, 20 अगस्त। मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी और बागी नेता ओ. पनीरसेल्वम की अगुवाई वाले अन्नाद्रमुक के प्रतिद्वंद्वी गुटों का विलय। 
 
पंचकूला, 24 अगस्त। एक अदालत ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम सिंह को बलात्कार का दोषी ठहराया। हरियाणा में हिंसा और आगजनी की घटनाओं में 30 लोगों की मौत, 250 से अधिक घायल। 
 
नई दिल्ली, 29 अगस्त। चीनी सैनिकों ने डोकलाम से अपने बुलडोजर और तंबू हटाए तथा पीछे हटे।
 
रोहतक। सीबीआई की विशेष अदालत ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को 2 महिलाओं से बलात्कार के जुर्म में 20 साल कैद की सजा सुनाई। 
 
श्रीहरिकोटा (आंध्रप्रदेश), 30 अगस्त। अंतरिक्ष में नौवहन उपग्रह भेजने का भारत का मिशन असफल, उपग्रह ले जाने वाले अतंरिक्ष यान में प्रक्षेपण के बाद तकनीकी खराबी आई। 
 
नई दिल्ली, 31 अगस्त। नई दिल्ली के गाजीपुर में कचरे का ढेर ढहने से 2 लोगों की मौत। 
 
000
 
सितंबर
 
गोरखपुर, 2 सितंबर। उत्तरप्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल ने पिछले महीने 48 घंटों में 30 बच्चों की मौत के संबंध में यहां बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में एईएस वार्ड के एक पूर्व नोडल अधिकारी डॉ. कफील खान को गिरफ्तार किया।
 
नई दिल्ली, 3 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कैबिनेट फेरबदल में निर्मला सीतारमण को रक्षा और पीयूष गोयल को रेलवे मंत्रालय का प्रभार सौंपा। 
 
मुंबई, 6 सितंबर। मुंबई में एक निर्माणाधीन इमारत में आग लगने से 6 लोगों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हुए।
 
गुड़गांव, 8 सितंबर। सोहना इलाके में रेयान इंटरनेशनल स्कूल की दूसरी कक्षा के छात्र की स्कूल परिसर में गला काटकर हत्या। 
 
नई दिल्ली/ मस्कट, 12 सितंबर। केरल के एक कैथोलिक पादरी फादर टॉम उजुन्नलिल को आईएस आतंकवादियों के चंगुल से 18 महीने बाद यमन में बचाया गया। अदन में एक घातक हमले के दौरान उनका अपहरण किया गया था।
 
जम्मू, 13 सितंबर। जम्मू-कश्मीर के जम्मू और पुंछ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी बलों ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की जिसमें बीएसएफ के 2 जवानों समेत 5 लोग घायल हुए। 
 
गांधीनगर, 14 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके जापानी समकक्ष शिंजो आबे ने भारत और भारत-प्रशांत क्षेत्र एवं अफ्रीका के अन्य देशों के साथ कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की 'मजबूत प्रतिबद्धता' व्यक्त की। 
 
मोहाली (पंजाब), 23 सितंबर। वरिष्ठ पत्रकार केजे सिंह और उनकी 92 वर्षीय बीमार मां अपने आवास में मृत पाए गए। 
 
श्रीनगर, 26 सितंबर। बारामूला के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के निकट सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन का शीर्ष आतंकवादी अब्दुल कयूम नजर मारा गया। 
 
श्रीनगर, 27 सितंबर। उत्तर कश्मीर के हज्जन में आतंकवादियों ने एक कश्मीरी बीएसएफ कांस्टेबल के घर में घुसकर गोली मारकर उसकी हत्या की और उसके परिवार के 4 सदस्यों को घायल कर दिया। 
 
मुंबई, 29 सितंबर। मुंबई में 2 रेलवे स्टेशनों को जोड़ने वाले संकरे पुल में सुबह मची भगदड़ में कम से कम 22 लोगों की मौत हुई और 30 से अन्य लोग घायल हुए। 
 
000
 
अक्टूबर
 
अहमदाबाद, 2 अक्टूबर। भाजपा प्रमुख अमित शाह ने कहा कि गुजरात में भाजपा के शासनकाल के तहत हुए विकास के देखने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को 'इतालवी चश्मा' उतारने और 'गुजराती चश्मा' पहनने की जरूरत है।
 
चंडीगढ़, 3 अक्टूबर। खुद को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की गोद ली हुई बेटी बताने वाली हनीप्रीत इंसां को हरियाणा पुलिस ने 25 अगस्त को डेरा प्रमुख को सजा सुनाए जाने के बाद भड़की हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किया।
 
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर। भाजपा ने कहा कि उसके वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा 'भ्रष्ट और गरीब विरोधी' पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के सहयोगी के तौर पर काम कर रहे हैं।
 
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि भारत लिवर प्रत्यारोपण के लिए बीमार एक पाकिस्तानी व्यक्ति और ओपन हार्ट सर्जरी कराने वाली 3 वर्षीय एक लड़की को मेडिकल वीजा मंजूर करेगा।
 
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष बनने के लिए राहुल गांधी कार्यकर्ताओं की निर्विवाद पसंद हैं और उम्मीद है कि एक बार पार्टी के भीतर चुनाव होने पर उनकी इच्छाएं पूरी हो जाएंगी।
 
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उनकी विश्व के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद देश के ऊर्जा क्षेत्र में आगे सुधार का अवसर है और भारतीय कंपनियों को घरेलू उत्पादन बढ़ाने और आयात में कटौती करने के तरीके तलाशने होंगे।
 
अमेठी (उप्र), 10 अक्टूबर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी में निशाना साधा और यहां से उनके 3 पीढ़ियों के चुने जाने के बावजूद 'नेहरू-गांधी परिवार के गढ़' में विकास को लेकर उन पर सवाल उठाया।
 
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को अधिक योग्य होने के बावजूद प्रधानमंत्री पद के लिए नहीं चुने जाने पर शिकायत थी लेकिन इस मामले में मेरे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था और बेहतर रिश्ता बना रहा।
 
जम्मू, 21 अक्टूबर। सेना प्रमुख बिपिन रावत ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं में कट्टरपंथ की भावना भरने के लिए सोशल मीडिया को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इससे पूरी गंभीरता के साथ निपटा जा रहा है।
 
खूंटी (झारखंड), 31 अक्टूबर। नक्सल प्रभावित खूंटी जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में पीपल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के 4 सदस्य मारे गए।
 
000
 
नवंबर
 
लखनऊ, 1 नवंबर। उत्तरप्रदेश के रायबरेली जिले में एनटीपीसी के ऊंचाहार संयंत्र के बॉयलर में हुए एक भयानक विस्फोट में 20 लोगों की मौत और 100 घायल हुए।
 
रायबरेली, 2 नवंबर। एनटीपीसी संयत्र हादसे में घायल संस्था के एक शीर्ष अधिकारी समेत 9 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 29 पहुंची।
 
नई दिल्ली, 3 नवंबर। तृणमूल कांग्रेस के दूसरे सबसे ताकतवर नेता मुकुल रॉय भाजपा में शामिल।
 
नई दिल्ली, 7 नवंबर। दिल्ली की वायु गुणवत्ता सीजन के सबसे खराब स्तर पर पहुंची। सरकार ने स्कूलों को 4 दिन बंद रखने और पार्किंग शुल्क में 4 गुना बढ़ोतरी की घोषणा की।
 
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों के हाथों मारे गए 3 आतंकियों में से एक अब्दुल रॉफ का बेटा। अब्दुल रॉफ वर्ष 1999 में एयर इंडिया के एक विमान को हाईजैक करने का मुख्य साजिशकर्ता और जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर का भाई था।
 
नई दिल्ली, 8 नवंबर। सीबीआई ने गुडगांव के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में हुई 7 साल के बच्चे की हत्या के मामले में 11वीं के छात्र को हिरासत में लिया।
 
नई दिल्ली/लखनऊ। उच्चतम न्यायालय का फिल्म 'पद्मावती' की रिलीज पर रोक से इंकार।
 
नई दिल्ली, 13 नवंबर। रोहिणी अदालत परिसर में एक विचाराधीन कैदी की गोली मारकर हत्या।
 
अहमदाबाद, 13 नवंबर। चुनाव आयोग ने गुजरात चुनाव प्रचार में भाजपा द्वारा इलेक्ट्रॉनिक विज्ञापन में 'पप्पू' शब्द इस्तेमाल किए जाने पर रोक लगाई।
 
नई दिल्ली, 17 नवंबर। चुनाव आयोग ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाले गुट को जनता दल (यूनाइटेड) के रूप में स्वीकृति दी और पार्टी के नाम तथा चुनाव चिह्न पर शरद यादव की अगुवाई वाले गुट के दावे को खारिज कर दिया।
 
नई दिल्ली, 18 नवंबर। फिल्म 'पद्मावती' के निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज टाल दी। फिल्म को 1 दिसंबर को रिलीज होना था। 
 
नई दिल्ली, 21 नवंबर। हरियाणा सरकार ने गुडगांव के फोर्टिस अस्पताल में डेंगू से जान गंवाने वाली 7 साल की बच्ची के परिवार से अत्यधिक पैसा वसूलने के मामले में जांच के आदेश दिए।
 
नई दिल्ली, 23 नवंबर। फिल्म 'पद्मावती' को ब्रिटिश सेंसर ने बिना किसी कट के पास कर दिया। 
 
000 
 
दिसंबर
 
तिरुवनंतपुरम/चेन्नई, 2 दिसंबर। केरल, लक्षदीप के तट पर ओखी चक्रवात का कहर, 500 से अधिक मछुआरे फंसे।
 
मुंबई, 4 दिसंबर। प्रख्यात अभिनेता शशि कपूर का 79 साल की उम्र में निधन।
 
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
 
नई दिल्ली/सूरत, 6 दिसंबर। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणी के लिए वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर को पार्टी से निलंबित किया।
 
नई दिल्ली, 7 दिसंबर। केंद्र ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि विभिन्न सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार को लिंक करना अनिवार्य बनाने की समयसीमा 31 मार्च तक बढ़ाई जाएगी।
 
नई दिल्ली, 8 दिसंबर। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बताया कि पाकिस्तान ने भारत को सूचित किया है कि वह जासूसी तथा आतंकवाद के आरोप में मौत की सजा पाए भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी को वीजा देगा।
 
चंडीगढ़, 10 दिसंबर। 7 साल की बच्ची की डेंगू से मौत के सिलसिले में गुडगांव के फोर्टिस अस्पताल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज।
 
नई दिल्ली, 11 दिसंबर। राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष निर्वाचित।
 
नई दिल्ली, 13 दिसंबर। राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने अमरनाथ गुफा तीर्थस्थल को 'मौन क्षेत्र' घोषित किया।
 
नई दिल्ली, 14 दिसंबर। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि नेताओं के खिलाफ मुकदमों की सुनवाई के लिए विशेष अदालतें गठित की जाएं।
 
मुंबई। स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बियों में से एक कलवरी नौसेना में शामिल। 
 
मुंबई। अभिनेता, लेखक नीरज वोरा का निधन।
 
नई दिल्ली, 18 दिसंबर। गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा को बहुमत।
 
मुंबई। दुकान में आग लगने से 12 लोगों की मौत।
 
तिरुवनंतपुरम, 19 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केरल, तमिलनाडु, लक्षदीप में ओखी तूफान प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर।
 
नई दिल्ली, 20 दिसंबर। पत्नी की हत्या के जुर्म में टीवी प्रोड्यूसर सुहैब इलियासी को उम्रकैद।
 
नई दिल्ली, 21 दिसंबर। 2जी घोटाला मामले में ए. राजा, कनिमोझी, कॉर्पोरेट कंपनियां बरी।
 
दिल्ली/इस्लामाबाद। कुलभूषण जाधव की अपनी पत्नी और मां से मुलाकात, भारत ने जाधव की मां और पत्नी के मंगलसूत्र उतारे जाने पर पाकिस्तान की निंदा की।
 
अहमदाबाद, 26 दिसंबर। विजय रूपाणी ने फिर से गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
 
दिल्ली, 28 दिसंबर। तीन तलाक संबंधी विधेयक को लोकसभा की मंजूरी। 
 
मुंबई, 29 दिसंबर। मध्य मुंबई की एक इमारत में आग लगने की घटना में 11 महिलाओं समेत 14 लोगों की मौत।
ये भी पढ़ें
केरिपुब कैंप पर फिदायीन हमला, 3 आतंकी ढेर, चार जवान शहीद