गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. वेब-वायरल
  4. Priyanka Gandhi fake tweet goes viral on social media
Written By
Last Updated : मंगलवार, 12 फ़रवरी 2019 (16:19 IST)

क्या वाकई में प्रियंका गांधी ने भारत को मूर्खों का देश बताया...जानिए वायरल ट्वीट का सच...

क्या वाकई में प्रियंका गांधी ने भारत को मूर्खों का देश बताया...जानिए वायरल ट्वीट का सच... - Priyanka Gandhi fake tweet goes viral on social media
लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति के मैदान में उतारकर कांग्रेस ने अपना ट्रंप कार्ड चल दिया है। कांग्रेस महासचिव का पद संभालने के बाद प्रियंका गांधी ने सोमवार को पहली बार लखनऊ में रोड शो किया। यूं तो ट्विटर पर उनकी एंट्री लखनऊ रोड शो से पहले हुई, लेकिन उससे पहले भी उनके नाम पर कई फर्जी आकउंट चल रहे थे। सोशल मीडिया पर प्रियंका गांधी का एक ट्वीट काफी शेयर हो रहा है, जिसमें उन्होंने भारत को मूर्खों का देश बताया।

प्रियंका गांधी की फोटो लगी @PriyankagaINC ट्विटर हैंडल से 3 फरवरी को एक ट्वीट किया गया-

भारत मूर्खो का देश है जहाँ सरकार लोगो के पीने के पानी पर नही बल्कि ढोंगी और पाखंडियों के शाही स्नान पे करोडो का खर्च करती है

इस ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर कर यूजर्स प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी पर पिछले कई दिनों से हमला बोल रहे थे। अब प्रियंका गांधी के आधिकारिक तौर पर ट्विटर पर आने के बाद यह स्क्रीनशॉट फिर से वायरल हो रहा है, लेकिन इस बार ट्वीट की डेट को क्रॉप कर दिया गया है।

कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को खुद अपने ट्विटर हैंडल से प्रियंका गांधी के ट्विटर पर आने की खबर दी थी।



प्रियंका गांधी का आधिकारिक ट्विटर हैंडल @priyankagandhi है और रिपोर्ट लिखे जाने तक उन्होंने एक भी ट्वीट नहीं किया था।

मतलब, जिस अकाउंट से प्रियंका गांधी का यह बयान आया है, वह उनका वेरिफाइड अकाउंट नहीं है। फिर हमने @PriyankagaINC अकाउंट को ट्विटर पर सर्च किया, लेकिन अब वह अकाउंट डिलीट किया जा चुका है।

इसके बाद हमने उनके इस बयान की पड़ताल करने के लिए इंटरनेट पर खबरें भी सर्च कीं लेकिन हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली।

हमारी पड़ताल में प्रियंका गांधी के नाम पर शेयर किया जा रहा यह ट्वीट फर्जी साबित हुआ है।