spam calls पर TRAI का बड़ा एक्शन, अब अनचाही कॉल करने वालों की खैर नहीं, लागू किए नए नियम
मोबाइल फोन पर आने वाली अनचाही कॉल आजकल लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई हैं। कभी बैंक से लोन दिलाने के नाम पर फोन आता है तो कभी क्रेडिट कार्ड, इंश्योरेंस, रियल एस्टेट और दूसरे उत्पादों के प्रचार के लिए बार-बार कॉल किए जाते हैं। कई बार तो दिनभर में इतनी स्पैम कॉल आती हैं कि जरूरी फोन भी मिस हो जाते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए अब भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी TRAI ने बड़ा एक्शन लिया है। ट्राई ने स्पैम कॉल के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए नियमों को सख्त किया है।
#TRAI #SpamCalls #UnwantedCalls #DND #TRAIUpdate #TelecomRules #SpamCallAlert #TelecomCompanies #TRAIAction #DNDSERVICE #TRAIApp #MobileUsers #AI #ConsumerRights #CyberSafety #BreakingNews #HindiNews #LatestUpdate #Trending
ट्राई ने अनचाही व्यावसायिक कॉल और मैसेज यानी अनसॉलिसिटेड कमर्शियल कम्युनिकेशन पर रोक लगाने के लिए टेलीकॉम कंपनियों को तकनीकी निगरानी, शिकायतों पर कार्रवाई और स्पैम करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सितंबर 2026 में लागू किए गए नियामकीय संशोधनों के तहत अब AI और मशीन लर्निंग की मदद से संदिग्ध स्पैम कॉल करने वाले नंबरों की पहचान और निगरानी को भी मजबूत किया गया है।
हालांकि हर अनजान नंबर से आने वाली कॉल स्पैम नहीं होती। किसी परिचित, डिलीवरी एजेंट या वास्तविक सेवा प्रदाता का फोन भी अनजान नंबर से आ सकता है। इसी तरह जरूरी सेवा और लेनदेन से जुड़ी कॉल पर अलग नियम लागू होते हैं। ट्राई ने टेलीकॉम कमर्शियल कम्युनिकेशन कस्टमर प्रेफरेंस रेगुलेशन, 2018 के तहत व्यावसायिक कॉल और मैसेज भेजने के लिए नियम निर्धारित किए हैं।
किसी कंपनी या टेलीमार्केटर को उपभोक्ता की सहमति और उसकी DND प्राथमिकताओं का पालन करना जरूरी है। बिना अनुमति या दर्ज प्राथमिकताओं के विरुद्ध की गई व्यावसायिक कॉल स्पैम की श्रेणी में आ सकती है। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले नंबरों और संस्थाओं के खिलाफ टेलीकॉम कंपनियां कार्रवाई कर सकती हैं। इसमें आउटगोइंग सेवाओं पर रोक, नंबर डिस्कनेक्ट करना और संबंधित संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करना शामिल है।
अगर आप भी बार-बार आने वाली प्रचारात्मक कॉल से परेशान हैं तो अपने मोबाइल नंबर पर Do Not Disturb सेवा एक्टिवेट कर सकते हैं। इसके लिए TRAI ने उपभोक्ताओं को कई विकल्प दिए हैं। अपने स्मार्टफोन में TRAI DND ऐप डाउनलोड करें। इसके माध्यम से आप प्रचारात्मक कॉल और मैसेज से जुड़ी प्राथमिकताएं दर्ज कर सकते हैं और स्पैम की शिकायत भी कर सकते हैं।
अगर आपने DND सेवा एक्टिवेट कर रखी है और इसके बावजूद आपको अनचाही प्रचारात्मक कॉल या मैसेज मिलते हैं तो आप इसकी शिकायत अपने टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर के पास दर्ज करा सकते हैं।