• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2022
  2. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  4. Former minister Rajiv Kumar Singh passes away in Uttar Pradesh
Written By
Last Updated : सोमवार, 31 जनवरी 2022 (23:59 IST)

UP में पूर्व मंत्री का निधन, बेटे को टिकट नहीं मिलने से थे आहत

UP में पूर्व मंत्री का निधन, बेटे को टिकट नहीं मिलने से थे आहत - Former minister Rajiv Kumar Singh passes away in Uttar Pradesh
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी के दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र का 6 बार प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व मंत्री राजीव कुमार सिंह का सोमवार सुबह लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे।

परिजनों के मुताबिक दिवंगत नेता दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र से बेटे को समाजवादी पार्टी (सपा) का टिकट नहीं मिलने से आहत थे, जिसके चलते दो दिन पहले उनकी हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हडहा राजघराने से संबंध रखने वाले राजीव कुमार सिंह ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 1985 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में की थी। 1989 में कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने पहली बार विधानसभा की दहलीज लांघी, जबकि 1996 में वे भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीते।

2002 में पुनः भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे। राजा राजीव कुमार सिंह ने 2007 और 2012 में सपा के टिकट पर चुनाव जीता। 2012 में वे अखिलेश मंत्रिमंडल का हिस्सा बने, हालांकि 2017 के चुनाव में भाजपा की लहर में वे भाजपा प्रत्याशी सतीशचंद्र शर्मा से चुनाव हार गए थे।

उम्र और बीमारी के कारण वे सपा से अपने बेटे रिंकू सिंह के लिए दरियाबाद का टिकट मांग रहे थे। कई महीनों से वे क्षेत्र में प्रचार भी कर रहे थे, लेकिन सपा मुखिया ने दरियाबाद से उनके बेटे के स्थान पर अरविंद सिंह गोप को सपा का उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जिसे लेकर शुक्रवार को उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके सपा नेतृत्व को दो दिन का समय फैसला बदलने के लिए दिया था।

शनिवार को अचानक उनकी तबियत खराब होने के कारण उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां आज सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।(वार्ता)
ये भी पढ़ें
आखिर अयोध्या से योगी आदित्यनाथ को चुनाव लड़ने से क्यों रोका गया?