कुछ आस-पास हो जाए...
|
आम लोगों को घुमक्कड़ अकसर सलाह देते हैं कि बारिश से बचने की जगह उसका भरपूर आनंद लेना चाहिए। बारिश की हल्की फुहार, जहाँ आपकी सैर में मस्ती का रंग भर देगी, वहीं झमाझम बारिश के बाद धुले पेड़-पौधे हरियाली का निराला मंजर लेकर आपके सामने होते हैं।
इन खुशनुमा पलों को अपनी आँखों में कैद करने के लिए आपको ज्यादा मशक्कत नहीं करनी होगी। ना ही बस, ट्रेन या प्लेन के महँगे टिकिट खरीदने होंगे। ना ही किसी तरह का लंबा सफर करना होगा... शिमला, मसूरी, नैनीताल के खूबसूरत नजारे आपको आपके आस-पास ही नजर आ जाएँगें।
|
इन नजारों के रसास्वादन के साथ-साथ गर्मागर्म चाय, भजिए और भुट्टे इन पलों को और भी खुशनुमा बना देगें। बादलों से लुका-छिपी करता सूरज तो कहीं इंद्रधनुष की सुहानी छटा... ये सारे सुख कहीं दूर नहीं बस आपके ही आस-पास बिखरें हैं तो फिर तैयार हैं अपने आस-पास ही कुछ नया खोजने के लिए…
