सारा खान भी करेंगी आइटम सांग
छोटे पर्दे के कलाकारों को बड़ा पर्दा हमेशा से लुभाता आया है। छोटे पर्दे पर पहचान बनते ही टीवी कलाकार फिल्मों में अपनी किस्मत आज़माने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
PR |
इसी छोटे पर्दे की लोकप्रिय अदाकारा सारा खान, निर्देशक विनोद छाबड़ा की आने वाली फिल्म 'सांवरिया : खाटू श्यामजी की अमर गाथा' में एक आइटम सांग करने जा रही हैं।
वर्तमान में फिल्मों में आइटम सांग का प्रचलन आम हो चला है। अब कैटरीना कैफ और करीना कपूर जैसी हीरोइन भी आइटम सांग करने से गुरेज़ नहीं करतीं, तो भला टीवी कलाकार क्यों इससे पीछे रहें?
'सांवरिया' के म्यूज़िक लांच के समय एक इंटरव्यू में इस आइटम नंबर के बारे में ज्यादा खुलासा न करते हुए उन्होंने केवल इतना ही कहा कि मैंने सांवरिया में एक आइटम नंबर किया है, जो जल्द ही आपको देखने को मिलेगा।
आइटम सांग फिल्म की पहचान बनाने के साथ ही फिल्म की हिट में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कई बार तो फिल्म भले ही बॉक्स आफिस पर पिट जाए, मगर आइटम सांग चल निकलता है। अब जब सारा खान को आइटम सांग करने का मौका मिला तो भला वे क्यों पीछे रहतीं।
सारा ने आगे कहा कि 'जब तक सबकुछ तय नहीं हो जाता, मैं इस बारे में कोई बात नहीं करना चाहती। आइटम सांग का हॉट होना उसकी सफलता के लिए जरूरी है। सारा की चुप्पी के पीछे यह भी एक कारण हो सकता है कि वे सांग की हॉटनेस के बारे में अभी कुछ कहना नहीं चाहती हों।
खबर है कि कई टीवी सीरियल्स में काम कर चुकीं सारा 'सांवरिया में एक सीधी-साधी भारतीय नारी का किरदार निभाने जा रही हैं। फिल्म में सारा के पति का रोल कर रहे अष्मित पटेल का सारा के बारे में कहना है कि वे बेहतरीन अभिनेत्री हैं। उन्हें बड़े पर्दे पर दर्शक पसंद करेंगे। अब देखना यह है कि सारा दर्शकों पर छोटे पर्दे का वही जादू बड़े पर्दे पर चला पाती हैं या नहीं।

