वैवाहिक विज्ञापनों को अभी तक आपने समाचार-पत्रों और इंटरनेट पर देखा होगा जिसमें लड़के और लड़कियों के बारे में प्रोफाइल्स होती हैं। अब यही सुविधा आपके लिए स्टार प्लस लाया है अपने चैनल पर, जिस पर 13 मई से शुरू हुआ टीवी शो स्टार विवाह। यह शो मनपसंद वर-वधू के लिए विस्तृत मंच प्रदान करेगा। जहाँ प्रत्येक धर्म, जाति और मत के योग्य व्यक्तियों का विकल्प उपलब्ध होगा।
आदर्श जीवनसाथी की तलाश कर रहे लोगों के लिए 'स्टार विवाह' के प्रारंभ होते ही 'मिस्टर या मिस राइट' और उनके बीच का फासला बस रिमोट का बटन दबाने भर का होगा। 13 मई सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 2 बजे, स्टार प्लस पर इसे देखा जा सकेगा।
स्टार प्लस की सीनियर क्रिएटिव डायरेक्टर, अनुपमा मंडलोई ने इस शो पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अपने दर्शकों तक विविधतापूर्ण कार्यक्रमों को पहुँचाने के प्रयास के तहत हमने भारत के सर्वप्रथम वैवाहिक टीवी शो 'स्टार विवाह' को प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
अपने शो के माध्यम से हमने जाना कि प्रत्येक भारतीय परिवार में विवाह एक महत्वपूर्ण निर्णय होता है। इस कार्यक्रम से हमें अपने दर्शकों से जुड़ने के लिए एक नया मंच प्राप्त होगा। स्टार विवाह हमारे दर्शकों को, शो के वर-वधुओं की विशाल संख्या में से अपनी पसंद चुनने का अवसर प्रदान करेगा।'
बीएजी फिल्म्स की चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनुराधा प्रसाद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 'स्टार प्लस के शो 'स्टार विवाह' का निर्माण करना सम्मान का विषय है। यह शो मनचाहे वर-वधुओं में से अपना जीवनसाथी चुनने के लिए सबसे बड़ा मंच प्रदान कर रहा है। इस प्रकार जीवन का सर्वाधिक महत्वपूर्ण फैसला अर्थात विवाह जो इस देश में धार्मिक कार्य माना जाता है, की प्रक्रिया इस शो के द्वारा सरल हो जाएगी। हम इस बात को लेकर न केवल आशान्वित हैं, बल्कि हमें पूरा विश्वास है कि यह शो हमारे दर्शकों को पसंद आएगा।'
परंपरागत माध्यमों को दरकिनार करते हुए 'स्टार विवाह' शो एक सकारात्मक सामाजिक हस्तक्षेप कर दहेज विरोधी मुहिम चलाएगा। स्टार विवाह के सभी प्रतिभागियों को दहेज संबंधी लेन-देन से रोका जाएगा ताकि दहेज जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से उखाड़ फेंकने की दिशा में एक ठोस प्रयास किया जा सके। शो में सामाजिक रूप से उपेक्षित लोगों जैसे विधवा, विकलांग, तलाकशुदा आदि को भी लाया जाएगा, जिससे वे अपनी जिंदगी को पुन: नए सिरे से प्रारंभ कर सकें।
शो की मेजबानी मशहूर अभिनेता मोहनीश बहल करेंगे और उनके साथ होंगी प्रतिभाशाली अदाकारा अदिति शिरवाइकर।
शो में मनोरंजन का तड़का भी होगा। कार्यक्रम में भोजन, साजसज्जा, स्टाइल घर आदि से जुड़े भिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को सेलिब्रिटी जोड़ी के रूप में बुलाया जाएगा, जो महत्वपूर्ण सलाह व सुझाव देंगे। दर्शकों के लिए चयन प्रक्रिया को सरल बनाने के क्रम में 'स्टार विवाह' व्यक्तिगत सूचनाओं तथा जन्मदिन, जन्म का समय आदि के विषय में जानकारी देगा, जिससे चयनित उम्मीदवारों से संपर्क करने से पहले उनकी कुंडली का मिलान किया जा सके।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें