1. मनोरंजन
  2. »
  3. टीवी
  4. »
  5. आलेख

मिलिए प्रोफेसर नरेंद्र मोदी से

नरेंद्र मोदी
PR
वे मोदी से हूबहू मिलते-जुलते दिखाई देते हैं। आजकल वे बेहद लो‍कप्रिय हो रहे हैं क्‍योंकि वे पीएम पद के उम्‍मीदवार नरेंद्र मोदी के अंदाज में अपनी कॉमेडी का जलवा बिखेर रहे हैं। ज़ी टीवी के कॉमेडी शो 'गैंग्‍स ऑफ हंसीपुर'में मोदी के हमशक्‍ल बने मनीष कुमार जांगड़ा की आवाज़, अंदाज़, ड्रामा और यहां तक की भाषण देने की कला भी मोदी के समान है। दरअसल मनीष पेशे से चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर और कल्‍चरल को-ऑर्डिनेटर हैं और काफी प्रतिभाशाली व्‍यक्‍ति हैं।

आजकल मनीष मेक-अप कर दाढ़ी और विग के साथ जहां कहीं भी जाते हैं लोग उन्‍हें घेर लेते हैं। वे बताते हैं कि ''आजकल कई न्‍यूज़ चैनलों पर मोदी के भाषण देखने के बाद मुझे उनकी नकल करने की इच्‍छा हुई क्‍योंकि उनका व्‍यक्‍तित्‍व काफी आकर्षक है। आज के दौर में हर कलाकार में कहीं ना कहीं कोई स्‍वार्थ छुपा है और वह मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले किरदार की नकल करना चाहता है। आज मोदी की खबरें अखबारों, न्‍यूज़ चैनलों हर जगह है। जब मुझसे मोदी हमशक्‍ल का भूमिका निभाने की बात की गई तो मैं काफी उत्‍साहित हो गया, लेकिन अब लोग मोदी को मेरे जरिए कॉमेडी करते देखेंगे।'

कॉमेडी पर उनकी पकड़ उनके कॉलेज के ज़माने से है जब वे कॉलेज कार्यक्रमों के प्‍ले के भाग लिया करते थे और कई कार्यक्रमों में एंकर की भूमिका निभाया करते थे। सिर्फ मोदी ही नहीं मनीष अन्‍य कई हस्‍तियों की भी बखूबी नकल उतारते हैं। 'गैंग्‍स ऑफ हंसीपुर' में उन्‍हें लालकृष्‍ण आडवाणी के हमशक्‍ल के रूप में भी प्रस्‍तुत किया गया था।

PR
मनीष बताते हैं कि ''बीजेपी में काफी अच्‍छे वक्‍ता रहे हैं, पहले अटलजी फिर आडवाणी और मोदी। मोदी काफी कुशल वक्‍ता हैं और उनकी नकल करना काफी चुनौतीपूर्ण कार्य था।''

'गैंग्‍स ऑफ हंसीपुर' अपनी ही तरह का एक अनूठा शो है, जिसका प्रसारण ज़ी टीवी पर किया जाता है। यहां आप परंपरागत भारतीय हास्‍य कवियों और स्‍टेंडअप कॉमेडियन्‍स द्वारा निभाए गए लोकप्रिय नेताओं के डुप्‍लिकेट या फिर किसी अभिनेता या खेल जगत की हस्‍ती की नकल कॉमेडी से गुदगुदाते एपिसोड देखेंगे।