नाकाम रही सागर आर्ट्स की नई रामायण
पहले इसे देखने रूक जाता था देश, अब टीवी पर बंद होगी 'रामायण'
PR |
सागर आर्ट्स ने रामायण : सबके जीवन का आधार को कुछ महीनों पहले बड़ी उम्मीदों के साथ शुरू किया था, लेकिन रामायण का पौराणिक शो दर्शकों पर अपना जादू चला पाने में नाकाम रहा। गगन मलिक जैसे आकर्षक और नेहा सरगम जैसी खूबसूरत अभिनेत्री के बावजूद ये शो नहीं चल पाया।
रविवार की सुबह जी टीवी और दूरदर्शन पर एक साथ आने वाले इस शो की रेटिंग बहुत ही ख़राब रही है और सूत्रों की बात पर यकीन करें, तो इस शो का इस साल जून के मध्य से ऑफ एयर होना तय है।
सूत्रों के मुताबिक “ रामायण बड़ी उम्मीदों के साथ लांच किया गया था लेकिन कुछ हफ़्तों को छोड़ कर शो की रेटिंग लगातार नीचे रही है और अब ये कहा जा रहा है कि जून 2013 में इसका प्रसारण बंद कर दिया जाएगा और इसकी जगह भगवान् बुद्ध पर आधारित नया सीरियल बुद्ध शुरू होगा।”
दरअसल हैरानी वाली बात है, कि रामायण पर आधारित अपने पहले सीरियल के जरिए टेलीविजन में इतिहाल रचने वाले और दर्शकों का दिल में खास जगह बनाने वाला सागर आर्ट्स आखिर पिछला जादू क्यों नहीं जगा पाया? क्यों इस बार दर्शकों ने इसे नकार दिया?
रामायण के अतीत पर एक नजर
इसके लिए हमें अतीत के कुछ पन्ने पलटने होंगे, जैसे दूरदर्शन पर रामायण की शुरुआत 25 जनवरी 1981 से हुई थी और 78 कड़ियों वाला ये धारावाहिक 31 जुलाई 1988 तक चला। रविवार को सुबह 10 बजे जब दूरदर्शन पर रामायण धारावाहिक का प्रसारण होता था, तो एक घंटे के लिए मानो पूरा देश रूक जाता था। देशभर के लोग सुबह से तैयार होकर घर के बैठक खाने में टीवी के सामने रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक रामायण देखने के लिए जमा हो जाते थे।
इतना ही नहीं, रामायण को इतना जीवंत महसूस करते, कि दृश्य के मुताबिक आंखे आंसुओं में डूब जाती थी या रोमांचक और हास्य से सराबोर दृश्यों पर चेहरा चमक उठता। युद्ध को देखकर ऐसा लगता जैसे कि दर्शक खुद वहां मौजूद हैं।
उस दौरान रामायण धारावाहिक दर्शकों की दिनचर्या में शामिल था। इस धारावाहिक से दर्शकों को इतना लगाव था कि जब टेलीविजन पर इसका प्रसारण होता, तो उस समय सड़कें तक सुनी हो जाती थी। रामायण के मुख्य पात्र राम का किरदार निभा रहे कलाकार अरुण गोविल के वास्तविक जीवन में लोग चरण पखारते, वहीं रावण या राक्षसों के किरदार को कोसते थे।
अपने मूल प्रसारण के दौरान, रामायण अप्रत्याशित रूप से लोकप्रिय था, जिसके लगभग १० करोड़ दर्शक थे। प्रारम्भ में कुछ कम लोकप्रियता के साथ बाद में इस धारावाहिक की लोकप्रियता उस स्तर तक पहुंच गई जहां पर सम्पूर्ण भारत में सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू का नज़ारा दिखाई देता था और प्रत्येक व्यक्ति जिसकी टीवी तक पहुंच थी, अपना सब कामकाज छो़ड़कर इस धारावाहिक को देखने के लिए रुक जाता था।
टेलीविजन इतिहास में ख्याति बटोरी
इसके प्रसारण के दौरान, रामायण, भारत और विश्व टेलीविज़न इतिहास में सबसे अधिक देखा जाने वाला कार्यक्रम बन गया और बीआर चोपड़ा के महाभारत का प्रसारण होने तक ये खिताब इसके पास ही रहा। बाद में रामायण के पुनः प्रसारण और वीडियो प्रोडक्शन के कारण इसने फिर लोकप्रियता प्राप्त की। लिम्का बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स में जून 2003 तक ये ‘विश्व के सर्वाधिक देखे जाने वाले मिथकीय या पौराणिक धारावाहिक’ के रूप में सूचीबद्ध था।
दर्शकों पर क्यों नहीं चला नई रामायण का जादू
जब ये धारावाहिक पहले इतना लोकप्रिय था तो अब इसे बंद करने की नौबत क्यों आ गई? इस सवाल की तह में जाए, तो इसकी सबसे बड़ी वजह ये है कि अब लोगों के पास मनोरंजन के लिए विकल्प बहुत है।
उस समय देश में एक ही चैनल दूरदर्शन हुआ करता था, अब 500 से ज्यादा सैटलाइट चैनल मौजूद है। अब पहली वाली रामायण के दौर की दीवानगी अर्जित कर पाना बेहद मुश्किल है। पूरा देश थम जाए, ऐसी स्थिति तो सिर्फ अब वर्ल्ड कप के फायनल में भारत के खेलने पर ही दिखाई देती है।
संचार क्रांति के साथ बदला दौर
दरअसल भारत जैसे धार्मिक देश में ये पहला सीरियल था, जो भगवान राम के जीवन चरित्र पर बना था और जिसे नेशनल टीवी पर दिखाया जा रहा था। उस दौरान टेलीविजन का आगमन भी लोगों के लिए नया था। वैसे भी नए के प्रति जो मोह होता है वो अब देख पाना मुश्किल है।
साथ ही अब रामायण ही नहीं कई और धार्मिक और ऐतिहासिक कहानियों या घटनाओं पर आधारित सीरियल कई बार छोटे परदे पर दिखाए जा चुके हैं।
इतना ही नहीं, संचार क्रांति के बाद अब आपको कुछ भी देखना हो, तो वो आपसे महज एक क्लिक की दूरी पर उपलब्ध है। ऐसे में इस तरह के सीरियल या कार्यक्रमों के जरिए पहले की तरह दर्शकों पर छा जाने वाले खुमार या जादू की उम्मीद करना बेमानी ही कहा जाएगा।

