द गोल्ड अवार्डस की घोषणा
टीवी कलाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा
|
दिन-रात काम करने के बावजूद इन्हें वह मान-सम्मान नहीं मिलता जितना कि बॉलीवुड के कलाकारों को मिलता है। सिर्फ इक्के-दुक्के चैनल ही इन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित करते हैं।
भारत में टीवी भी मनोरंजन का बहुत बड़ा माध्यम हो गया है और टीवी कलाकारों को भी घर-घर पहचाना जाने लगा है। इसे देखते हुए हाल ही में विकास कलंत्री, पूजा घई और अनुज सक्सेना ने टीवी की दुनिया से जुड़े लोगों को उनके काम के बदले पुरस्कार देने की ओर अपने कदम बढ़ाएँ हैं। उन्होंने मिलकर ‘द गोल्ड अवार्डस’ की घोषणा की है, जिसमें टीवी से जुड़े कलाकार और तकनीशियनों को पुरस्कृत किया जाएगा।
एक पत्रकार वार्ता में इसकी घोषणा की गई। इस वार्ता के बाद एक पार्टी का आयोजन किया गया जिसमें टीवी और फिल्मों से जुड़ी कई हस्तियाँ शामिल हुई।
|
उत्साहित विकास और पूजा का कहना हैं कि हम इन टेलीविजन अवार्डस को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना चाहते हैं। हमें सितंबर का इंतजार है जब ये पुरस्कार दिए जाएँगे।
अनुज सक्सेना का कहना है कि इस पुरस्कार की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैसी ही धूम मचेगी जैसी फिल्मी पुरस्कारों की धूम मचती है। ये पुरस्कार 8 सितंबर 2007 को मॉरीशस में प्रदान किए जाएँगे।
पुरस्कारों के नामांकन के लिए विशेष ज्यूरी बनाई गई है। इसमें रवि चोपड़ा (निर्माता-निर्देशक), मिथुन चक्रवर्ती (अभिनेता), रति अग्निहोत्री (अभिनेत्री), सुभाष अवाते और गीता हरी (पत्रकार और संपादक) शामिल हैं।

