चाँद छुपा बादल में : नया धारावाहिक
PR
स्टार प्लस के नए शो ‘चाँद छुपा बादल में’ की निवेदिता, एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार की लड़की है। जिन्दगी में घटित घटनाओं की वजह से उसने अपने आपको समेट लिया है। वह नहीं चाहती है कि कोई भी व्यक्ति उसके करीब आए। किसी भी व्यक्ति के करीब आने पर वह असहज महसूस करने लगती है। यहाँ तक कि वह किसी के प्यार को स्वीकार नहीं करती है। उसके लिए इस दुनिया में रोमांस की भी कोई अहमियत नहीं है।
दूसरी तरफ सिद्धार्थ एक बिजनेस फैमिली का वारिस है और वह निवेदिता के प्यार में अपनी सुध-बुध खो चुका है। यह कहानी निवेदिता तथा सिद्धार्थ के बीच के आपसी संबंध तथा निवेदिता द्वारा स्वयं पर लगाए गए प्रतिबंधों के इर्द-गिर्द घूमती है।
नामचीन कवि एवं गीतकार जावेद अख्तर, खूबसूरती के साथ अपने विशेष अंदाज में इस शो को प्रस्तुत करेंगे। इस शो की शूटिंग हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में की गई है।
इस शो में निवेदिता का किरदार पटना की रहने वाली नेहा सरगम निभा रही हैं। नेहा ने ‘इंडियन आइडल 4’ में हिस्सा लिया था और उनकी प्रतिभा की काफी सराहना हुई थी। सिद्धार्थ का किरदार देहरादून के रहने वाले अभिषेक तिवारी निभा रहे हैं।
‘चाँद छुपा बादल में’ 28 जून से शुरू हो रहा है और इसे प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार रात्रि 8 बजे स्टार प्लस पर देखा जा सकता है।

