1. मनोरंजन
  2. टीवी
  3. आलेख

कौन बनेगा करोड़पति : जनता के साथ ठगी

कौन बनेगा करोड़पति
इस बात का बहुत शोर मच रहा है कि केबीसी में आम आदमी करोड़पति बन रहा है और ये आम आदमी की जीत है। परंतु सच में अगर देखा जाए तो ये आम आदमी की जीत नहीं, आम आदमी के साथ ठगी है।

साथ ही ये ठगी सरकार के साथ भी है। सरकार ने जुए और सट्टे पर प्रतिबंध लगाया है, मगर ये खेल एक तरह से सट्टा ही है। करोड़ों लोग एसएमएस करते हैं। उनमें से लॉटरी जैसी एक प्रक्रिया से चंद लोगों का चुनाव होता है। ये क्या सट्टा नहीं है?

फिर जो लोग खुद को इस योग्य नहीं समझते कि हॉट सीट पर बैठकर सवालों के जवाब दे सकें, उनके लिए घर बैठे करोड़पति खेलने का फंदा है। सवाल ऐसा पूछा जाता है कि कोई भी उत्तर दे सके और फिर मँगाए जाते हैं एसएमएस। एक लाख रुपया मिलता है उसे जिसका चयन सट्टे जैसी प्रक्रिया से होता है। सरकार को धोखा देने के लिए ये खेल जैसा खेल है, मगर है पूरी तरह सट्टा।

अमिताभ की आभा इस खेल को गरिमा प्रदान करती है, साथ ही अमिताभ की उपस्थिति खेल को रोचक भी बनाती है। मगर चालू पत्रिकाओं में जो आसान सवाल इनामी प्रतियोगिताओं में फँसाने के लिए पूछे जाते हैं, उनसे ये केबीसी किस तरह अलग है? वहाँ भी इनाम का झाँसा होता है। फर्क बस इतना है कि वे प्रतियोगिताएँ छोटे पैमाने पर होती हैं और ये बहुत बड़े स्तर पर किया जा रहा है।

बेहद मामूली आदमियों को करोड़पति बनते इसलिए दिखाया जा रहा है कि बेहद मामूली आदमी के पास आज मोबाइल फोन है। उसके फोन में बैलेंस भी है। मोबाइल रिचार्ज कराना आज आटे के डिब्बे में आटा भराने जैसा जरूरी हो गया है। जो अमीर है, वो सालभर का गेहूँ खरीदकर रख लेता है, मगर जो गरीब है, वो हर पन्द्रह दिन में अपना डिब्बा रिचार्ज करवाता ही है। आटे के डिब्बे की तरह आजकल मोबाइल फोन भी बैलेंस से खाली नहीं रखा जा सकता।

सारी साजिश आम आदमी के मोबाइल फोन से बैलेंस गायब करने की है। याद रहे कि केबीसी वगैरह में जो एसएमएस किए जाते हैं, उनका रेट आम एसएमएस से ज्यादा होता है। कई उपभाक्ताओं को तो इसकी खबर तक नहीं होती।

3 से लेकर 6 रुपए तक एक एसएमएस के लग जाते हैं। जरा हिसाब लगाइए कि कितने लोग इसे देखते हैं, कितने लोग एसएमएस करते हैं और इसके मुकाबले जो रकम लोग जीतते हैं वो कितनी कम होती है। विज्ञापनों से होने वाली आय तो अपनी जगह है ही।

पिछले एपिसोड में एक हकले आदमी को खूब बड़ी रकम जीतते दिखाया गया। ऐसा इसलिए कि जिनमें आत्मविश्वास की कमी हो, वो भी एसएमएस करना शुरू करें और आयोजकों की झोली को पूरी तरह भर दें।

देश की जनता को इससे बड़ी लॉटरी में आज तक नहीं फँसाया जा सका है। जाहिर है कि यह सारा खेल कानून के दायरे में है, मगर कानूनों के लचीलेपन का फायदा तो उठाया ही जा रहा है। आम आदमी की जेब खाली करने की इससे बड़ी साजिश इस देश में शायद ही पहले कभी रची गई हो। मजे की बात यह है कि बनने वाले खुशी से बकरा बन रहे हैं। किसी को होश नहीं है कि इस गोरखधंधे के खिलाफ कोई आवाज बुलंद करे।

यह तो पूछा ही जाना चाहिए कि इस शो के जरिए कितनी कमाई हो रही है और किसकी जेब भर रही है। अमिताभ तो मुखौटा हैं। पीछे और लोग हैं, जो अपनी सत्तर पुश्तों का इंतजाम कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
दीपक असीम