इंडिया पूछेगा : सबसे शाणा कौन? में है कितना दम...
टीवी शो 'सबसे शाणा कौन' से उम्मीद की वजह शाहरुख खान नहीं बल्कि सिद्धार्थ बसु की वजह से थी। भारत में क्विज शो को पेश करने में सिद्धार्थ और उनकी टीम का जवाब नहीं है। 'कौन बनेगा करोड़पति' शो इसकी मिसाल है जिसे हर उम्र और वर्ग के लोगों ने पसंद किया है। शो ने कुछ को मालामाल किया है तो करोड़ों के सामान्य ज्ञान में बढ़ोतरी की।
दिक्कत ये है कि हर गम शो या क्विज शो की तुलना सीधे-सीधे 'कौन बनेगा करोड़पति' से की जाती है जो कि उचित नहीं है। इस शो को परे रख कर हम देखें तो 'इंडिया पूछेगा : सबसे शाणा कौन? उम्मीद जगाता है। शो की रकम करोड़पति जितनी तो नहीं है, लेकिन एक करोड़ रुपये कम नहीं होते। साथ ही शो का फॉर्मेट थोड़ा हटकर है।
देश भर में फैला आम आदमी प्रतियोगियों से प्रश्न पूछता है। इसमें प्रोफेसर भी हैं तो चम्पी करने वाला आम आदमी भी। इसलिए प्रश्नों में भिन्नता भी देखने को मिली है। पहले एपिसोड में पूरा गेम तो नहीं खेला जा सका है, लिहाजा आने वाले एपिसोड्स देख कर ही राय बनाना उचित होगा, लेकिन शुरुआत उम्दा है।
शाहरुख खान की प्रस्तुति दमदार है। उनके पिछले कुछ टीवी शो फ्लॉप रहे थे इसलिए इस बार वे पूरी तैयारी के साथ उतरे हैं। उन्होंने शो का मूड हल्का-फुल्का रखा है और अपनी इमेज के अनुरूप वे शो में चार्म पैदा कर रहे हैं।

