T20I World Cup में रिंकू सिंह को सिर्फ रिजर्व में जगह देने से खफा हुए क्रिकेट फैंस
पिछले कुछ समय से टी-20 क्रिकेट में भारत के फिनिशर के रुप में जगह बना चुके रिंकू सिंह को वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले टी-20 विश्वकप में रिजर्व के रुप में ही टीम में शामिल किया है। इसका मतलब यह है कि 15 खिलाड़ियों के दल में से कोई चोटिल होगा तो वह टीम में शामिल होंगे। हालांकि 25 मई तक इसमें बदलाव हो सकता है।
बोर्ड के एक सूत्र ने कहा , सैमसन के चयन पर ज्यादा बहस नहीं हुई लेकिन हार्दिक को टीम में रखने पर काफी बहस हुई। रिंकू बदकिस्मत रहा। रिंकू, दुबे और हार्दिक के बीच में से चयन होना था ।गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल और कोलकाता नाइट राइडर्स के आक्रामक बल्लेबाज रिंकू को रिजर्व में रखा गया है।
पिछले दो विश्व कप में रक्षात्मक बल्लेबाजी का भारत को खामियाजा भुगतना पड़ा है जिसकी वजह से कुछ साहसिक फैसले लिये गए। रिंकू की जगह दुबे को तरजीह देना साहसिक फैसला ही था जबकि रिंकू लगातार बेहतरीन फॉर्म में हैं। हालांकि भारतीय क्रिकेट फैंस बोर्ड के इस निर्णय से खफा है क्योंकि रिंकू सिंह फिनिशर की भूमिका में तेजी से रन बनाकर आईपीएल और टीम इंडिया को जिता चुके हैं।
विश्व कप अमेरिका और वेस्टइंडीज में दो जून से शुरू होगा । भारत को पांच जून को न्यूयॉर्क में आयरलैंड से पहला मैच खेलना है ।
टी20 विश्व कप के लिये भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
रिजर्व खिलाड़ी: शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद और आवेश खान।
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें