• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. Sensex, domestic stock market, Bombay Stock Exchange
Written By
Last Modified: मुंबई। , शुक्रवार, 30 सितम्बर 2016 (17:57 IST)

गिरावट से उबरा बाजार, सेंसेक्स 38 अंक चढ़ा

Sensex
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार की भारी गिरावट के बाद कम कीमत पर हुई लिवाली से शुक्रवार को सेंसेक्स 38.43 अंक तथा निफ्टी 29.90 अंक की बढ़त में रहे। 
बीएसई के 20 में से 19 समूहों में तेजी देखी गई। मझौली तथा छोटी कंपनियों में गुरुवार को बड़ी कंपनियों के मुकाबले कहीं ज्यादा गिरावट देखी गई। शुक्रवार को उनमें सुधार भी उसी अनुपात में हुआ। बीएसई का मिडकैप 1.95 प्रतिशत की छलांग लगाकर 13,166.68 अंक पर तथा स्मॉलकैप 2.13 प्रतिशत चढ़कर 12,780.80 अंक पर पहुंच गया।
 
एशियाई बाजारों से मिले नकारात्मक संकेत के बीच बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 19.71 अंक फिसलकर 27,807.82 अंक पर खुला। कुछ देर बाद ही यह 27,716.78 अंक के दिवस के निचले स्तर तक उतर गया। 
 
इसके बाद बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा। दोपहर बाद अधिकतर लिवाली का जोर रहा। आखिरी घंटे में 27,955.21 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर को छूने के बाद यह पिछले दिवस की तुलना में 0.14 प्रतिशत यानी 38.43 अंक चढ़कर 27,865.96 अंक बंद हुआ। 
 
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 09.75 अंक गिरकर 8,581.50 अंक पर खुला। 8,555.20 अंक के दिवस के न्यूनतम तथा 8,637.15 अंक के उच्चतम स्तर को छूने के बाद यह 0.35 प्रतिशत अर्थात 29.90 अंक चढ़कर 8,621.15 अंक पर रहा। 
 
बीएसई में कुल 2,876 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,057 बढ़त में तथा 632 गिरावट में रहे, वहीं 187 कंपनियों के शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
डेंगू, चिकनगुनिया मामले में दिल्ली सरकार को फटकार