• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Pro Kabaddi League, Gujarat Fortunegiants
Written By
Last Modified: बुधवार, 20 सितम्बर 2017 (23:21 IST)

प्रो कबड्डी : गुजरात ने यू मुंबा को धो डाला

Pro Kabaddi League
रांची। चंद्रन रंजीत और सचिन के तूफानी खेल से गुजरात फार्च्यूनजाएंट्स ने यू मुंबा को बुधवार को 45-23 के बड़े अंतर से पीटकर वीवो प्रो कबड्डी लीग के पांचवें सत्र में अपनी नौवीं जीत दर्ज कर ली। 
            
यह मैच पहले मुंबई में होना था लेकिन बारिश के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था और इसे अब यहां रांची में कराया गया। गुजरात की टीम ने इस मुक़ाबले में आसान जीत हासिल कर जोन ए में अपने अंकों की संख्या 56 पहुंचा दी।
            
गुजरात की 15 मैचों में यह आठवीं जीत है। दूसरी तरफ मुंबई टीम को 15 मैचों में आठवीं हार का सामना करना पड़ा। गुजरात इस जोन में शीर्ष पर कायम है जबकि मुंबई 39 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। 
           
गुजरात ने दोनों हॉफ में अपना दबदबा बनाए रखा। गुजरात ने पहले हॉफ में ही 24-12 की बढ़त बना ली थी। गुजरात ने दूसरे हॉफ में 21 अंक बटोरे, जबकि मुंबई की टीम 11 अंक ही जुटा पाई। 
           
रंजीत ने 18 रेड में 11 अंक जुटाकर मुंबई को चैन की सांस नहीं लेने दी। गुजरात ने रेड से 23  और डिफेन्स से 13 अंक जुटाए। गुजरात ने विपक्षी टीम को ऑल आउट कर छह अंक भी अपने नाम किए। मुंबई के लिए अनूप कुमार ने सर्वाधिक सात अंक जुटाए। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
'इंदौर वनडे' पर मंडराए आफत के बादल...