sawan somwar
Fri, 4 Sep 2026

Notifications

  1. मनोरंजन
  2. पर्यटन
  3. सागर किनारे
  4. weddings Island aeroe denmark

शादियों का द्वीप – डेनमार्क का एरो

weddings Island aeroe denmark शादियों का द्वीप एरो  डेनमार्क
मियां बीबी राजी, तो क्या करेगा काजी। शादी के लिए यूरोप के सख्त नियमों को चिढ़ाने वाला छोटा सा टापू दुनिया भर का वेडिंग डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। डेनमार्क के एरो द्वीप पर होने वाली शादियों की दुनिया भर में मान्यता है और हर साल हजारों लोग यहां शादी करने आते हैं।
 
Aero_Island
यूरोपीय देशों में आम तौर पर शादियों के लिए कड़े कानून हैं, खास तौर पर अगर जोड़े में से कोई एक गैर यूरोपीय नागरिक है। जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे देशों में कागजी खानापूरी बहुत ज्यादा है और कई बार इसे पूरा करने में महीनों लग जाते हैं। कभी कभी तो कागजी रस्म पूरी हो ही नहीं पाती। लेकिन यूरोपीय संघ का हिस्सा होते हुए भी डेनमार्क में शादी की आसान शर्तें हैं और एरो द्वीप पर तो सिर्फ एक दिन में शादी हो जाती है।
 
फ्रांस, जर्मनी और यूरोप के दूसरे देशों के अलावा दुनिया भर से लोग एक दिन के लिए एरो द्वीप पहुंचते हैं, सिर्फ शादी करने। वैसे डेनमार्क के अंदर भी सभी जगह नियम एक जैसे नहीं हैं, अलग अलग नगर पालिकाओं में अलग अलग व्यवस्था है। मिसाल के तौर पर राजाधानी कोपेनहागेन में शादी के लिए लगभग एक हफ्ते रहना पड़ता है। इसी तरह दूसरे शहरों में भी ज्यादा वक्त बिताना पड़ता है।
Aero Island
दस्तावेज पूरे होने पर एरो द्वीप में सिर्फ एक रात रहना अनिवार्य है। लगभग 6000 की आबादी वाले टापू पर कई एजेंसियां काम कर रही हैं, जो दुनिया भर के लोगों को दस्तावेज पूरा करने में मदद करती हैं। इनसे इंटरनेट के जरिए संपर्क किया जा सकता है। शादी की तारीख पक्की होने पर एक दिन पहले इस द्वीप पर पहुंचना होता है और मूल दस्तावेजों की जांच करानी होती है। अगले दिन नगर पालिका के दफ्तर में शहर का मेयर शादी की रस्म अदा कर देता है। इसके फौरन बाद अस्थायी सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाता है, जबकि पक्का सर्टिफिकेट (अपोस्टीले) लगभग दो महीने में डाक द्वारा मिल जाता है।
 
किन्हें शादी की इजाजतः अगर दस्तावेज पूरे हों, तो यहां किसी को भी शादी की इजाजत है, समलैंगिकों को भी। भारत सहित दुनिया भर के कई देशों में समलैंगिक शादी की अनुमति नहीं है। कुछ देश समलैंगिकता को मान्यता देते हैं लेकिन इन्हें शादी नहीं करने देते। ऐसे लोगों के लिए डेनमार्क बिलकुल सही जगह है।
Aero Island marriage
पासपोर्ट और जन्म प्रमाणपत्र जैसे जरूरी कागज हों, तो फिर किसी तरह की अड़चन नहीं आती। किसी भी देश का नागरिक एरो द्वीप पर शादी के लिए आवेदन कर सकता है और अधिकारियों का कहना है कि लगभग शत प्रतिशत मामलों में शादी हो जाती है। डेनमार्क का मानना है कि दो वयस्कों ने जब शादी का फैसला किया है, तो उनके बीच कानूनी और प्रशासनिक अडंगा लगाने की जरूरत नहीं।
 
टूरिस्ट स्पॉटः छोटा सा एरो टापू 88 वर्ग किलोमीटर में फैला है और यहां तीन छोटे छोटे शहर हैं। प्राकृतिक सुंदरता का तो कहना ही क्या। चारों तरफ बाल्टिक सागर से घिरे इस इलाके में भले ही लोग सिर्फ एक रात रहने के इरादे से आते हैं लेकिन ज्यादातर लोग इसकी सुंदरता देखने के बाद दोबारा जरूर पहुंचते हैं। छोटी छोटी गलियों और पुराने घरों से सजे इस द्वीप में बोतलों की नक्काशी वाला एक म्यूजियम देखने लायक है। इस म्यूजियम में पीटर जैकबसन की कृतियां हैं, जो एक नाविक थे और जिन्होंने बोतल के अंदर जहाज बनाने का हुनर सीखा था। उन्होंने बोतलों में इतने सारे जहाज बनाए कि उनका नाम ही बॉटल पीटर पड़ गया।
 
एरो द्वीप पर दुनिया का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा प्लांट भी है। यहां पूरे द्वीप की जरूरत का बहुत बड़ा हिस्सा सौर ऊर्जा के रूप में मिल जाता है और पवन ऊर्जा की चक्कियां भी लगी हैं। योजना है कि आने वाले कुछ सालों में एरो द्वीप में पूरी तरह दोबारा इस्तेमाल होने वाली बिजली का प्रयोग शुरू कर दिया जाए। 
 
कैसे पहुंचें: द्वीप पर पहुंचने के लिए कोई पुल नहीं है। यानी यहां सिर्फ पानी के जहाज से जाया जा सकता है। डेनमार्क की राजधानी कोपेनहागेन और जर्मन शहर हैम्बर्ग से इसकी दूरी लगभग बराबर है। यानी जर्मनी के सफर के दौरान भी एरो द्वीप की सैर की योजना बनाई जा सकती है।

कार से एरो पहुंचना आसान है। सागर पार करते वक्त पानी के जहाज पर कार ले जाने की भी सुविधा है। ट्रेन से आना हो, तो नजदीकी स्टेशन नाइबोर्ग है, जहां से बस स्वेन्डबॉर्ग तक पहुंचाएगी और फिर वहां से फेरी यानी पानी के जहाज से एरो द्वीप तक पहुंचा जा सकता है। अगर शादी की योजना है, तो ख्याल रहे आखिरी फेरी डेढ़ बजे दोपहर में खुलती है और मैरिज ऑफिर में तीन बजे से पहले दस्तावेजों की जांच करानी होती है।
 
डेनमार्क की मुद्रा डैनिश क्रोनर है, लेकिन अगर जेब में यूरो पड़े हों, तो भी काम चल जाएगा। ज्यादातर जगहों पर क्रेडिट कार्ड से भी पेमेंट किया जा सकता है।
 
न करें एक दिन का ट्रिपः कुछ लोग सुबह जाकर शाम लौटने का प्रोग्राम बनाते हैं। एक तरफ का रास्ता चार घंटे का है और सफर में ठीक ठाक पैसे लगते हैं। एक दिन के लिए एरो द्वीप पर जाना घाटे का सौदा है।
 
नोटः लेखक ने भी इसी द्वीप पर शादी की है।