• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. woman falls in sea from atal setu saved by auto driver
Last Updated : शनिवार, 17 अगस्त 2024 (13:08 IST)

अटल सेतु से समुद्र में गिरी महिला, टैक्सी चालक ने बचाई जान

viral video
Maharashtra news : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक टैक्सी चालक और चार यातायात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी ने 56 वर्षीय महिला की जान बचा ली, जो अटल सेतु से अरब सागर में गिरने वाली थी।
 
दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाले पुल पर नाटकीय ढंग से महिला को बचाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हो रहा है। शुक्रवार को रात करीब सात बजे मुलुंड निवासी रीमा मुकेश पटेल एक टैक्सी से अटल सेतु पहुंची और न्हावा शेवा की ओर गाड़ी रुकवाई। वह पुल के किनारे की रेलिंग पर बैठ गई।
 
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में टैक्सी चालक को महिला के बगल में खड़े हुए देखा जा सकता है। इसके बाद पुलिस का एक गश्ती वाहन वहां रुकता है। पुलिस को देखकर महिला हड़बड़ा जाती है और अचानक समुद्र में गिरने लगती है।
 
वीडियो में दिखाई देता है कि टैक्सी चालक चंद सेकंड के भीतर नीचे गिर रही महिला के बाल पकड़ लेता है। तभी चार पुलिसकर्मी दौड़कर आते हैं और रेलिंग पर चढ़ जाते हैं। एक पुलिसकर्मी नीचे झुक जाता है और महिला को किसी तरह पकड़ लेता है। इसके बाद चारों पुलिसकर्मी धीरे-धीरे खींचकर महिला को ऊपर ले आते हैं।
 
महिला ने कहा है कि वह पुलिस को नजदीक आता देखकर हड़बड़ाहट में संतुलन खो बैठी। न्हावा शेवा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें
मुंबई और दिल्ली में मॉल्स को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में मॉल खाली कराया