• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Srilankan fisherman
Written By
Last Updated :रामेश्वरम , गुरुवार, 6 अक्टूबर 2016 (12:32 IST)

श्रीलंकाई नौसैनिकों का हमला, डुबोई नौका, नष्ट किए जाल

Srilankan navy
रामेश्वरम (तमिलनाडु)। श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के मछुआरों पर कथित तौर पर हमला करते हुए उन पर पथराव किया तथा उनकी एक मशीनीकृत नौका को डुबो दिया और मछली पकड़ने वाले जाल नष्ट कर दिए। घटना तब हुई, जब मछुआरे धनुषकोटि अपतटीय क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे।
 
तमिलनाडु मशीनीकृत मछुआरा संगठन के अध्यक्ष पी. सेसुराजा ने गुरुवार को यहां बताया कि श्रीलंकाई नौसैनिकों ने करीब 70 नौकाओं के जाल नष्ट कर दिए और पत्थरबाजी की तथा बोतलें फेंकीं। इस कारण 2,000 से अधिक मछुआरों को भागने पर मजबूर होना पड़ा और वे गुरुवार सुबह यहां समुद्र तट पर लौट आए तथा कुछ नावों के शीशों को भी नुकसान पहुंचा है।
 
सेसुराजा ने बताया कि इस क्षेत्र के मछुआरे बीती रात मछली पकड़ने वाली 437 मशीनीकृत नौकाओं के साथ समुद्र में गए थे और धनुषकोटि अपतटीय क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे। उसी समय श्रीलंकाई नौसेना के जवानों ने उनकी नौकाओं में से एक को कथित तौर पर टक्कर मार दी।
 
उन्होंने दावा किया कि टक्कर के परिणामस्वरूप नाव के 2 टुकड़े हो गए और यह डूब गई। नाव पर 5 मछुआरे सवार थे जिन्हें साथी मछुआरों ने बचाया। श्रीलंकाई नौसेना के जवानों द्वारा पुडुकोट्टई जिले के 5 मछुआरों को उनकी नौकाओं के साथ हिरासत में लेने के एक दिन बाद यह हालिया घटना सामने आई है। (भाषा)