• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Rescued tourists trapped in more than 400 vehicles in Atal tunnel after snowfall
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 30 दिसंबर 2022 (20:00 IST)

हिमपात के बाद अटल सुरंग में 400 से ज्यादा वाहनों में फंसे पर्यटकों को बचाया

हिमपात के बाद अटल सुरंग में 400 से ज्यादा वाहनों में फंसे पर्यटकों को बचाया - Rescued tourists trapped in more than 400 vehicles in Atal tunnel after snowfall
शिमला। रोहतांग दर्रे में अटल सुरंग के साउथ पोर्टल के पास हिमपात के बाद 400 से अधिक वाहनों में फंसे पर्यटकों को बचा लिया गया है।गुरुवार को मनाली-लेह राजमार्ग और आसपास के इलाकों में सुरंग में बर्फबारी के बाद फिसलन की स्थिति के कारण वाहन फंस गए थे।

अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि केलांग और मनाली के पुलिस बल ने संयुक्त रूप से एक बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इसमें 10-12 घंटे लगे और शुक्रवार सुबह 4 बजे यह अभियान समाप्त हुआ, जिसके बाद वाहन अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

पर्यटकों ने हालांकि कहा कि वे बर्फ को देखने और इसका आनंद लेने के लिए रोमांचित हैं। लाहौल-स्पीति के उपायुक्त सुमित खिमता ने कहा कि खराब मौसम के कारण फंसे सभी वाहन सुरक्षित साउथ पोर्टल पार कर गए हैं और फंसे हुए पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी।

कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि पर्यटकों को सतर्कतापूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है। नया साल मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक कुल्लू और मनाली में उमड़ रहे हैं और बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

मनाली होटलियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि सड़क पर बहुत सारे वाहनों के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम हो जाता है, लेकिन पंजीकृत कमरों में ठहरने वालों की संख्या वाहनों की आवाजाही के अनुसार नहीं है और ऐसा लगता है कि कई पर्यटक अनधिकृत स्थानों पर रह रहे हैं।

चंबा जिले के डलहौजी, सलोनी और चुराह इलाकों और पांगी घाटी में बर्फबारी हुई है और इलाका राज्य के बाकी हिस्सों से कट गया है। पर्यटकों ने आदिवासी किन्नौर जिले के कल्पा के साथ-साथ कुफरी, नरकंडा और कुकुमसेरी में भी हिमपात का आनंद लिया।

स्थानीय मौसम कार्यालय ने 31 दिसंबर को शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है और राज्य में होटल व्यवसाई नए साल की तैयारी कर रहे हैं और पर्यटकों को विशेष रात्रिभोज, पार्टियों और प्रतियोगिताओं की पेशकश कर रहे हैं।

कोठी में 15 सेंटीमीटर, खदराला, उदयपुर और कल्पा में पांच-पांच सेमी, पूह और सांगला में चार-चार सेमी, गोंडला, शिलारो और कुकुमसेरी में तीन सेमी हिमपात हुआ। अधिकारियों ने कहा कि शिमला, चंबा, किन्नौर और लाहौल और स्पीति में कुछ मार्गों पर भी यातायात बाधित हुआ।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
खुशखबरी! NSC, डाकघर जमाओं पर ब्याज दरें बढ़ीं, जानिए कब से लागू होंगी नई दरें