• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Rain Havoc In Himachal Pradesh 25 Workers Swept Away, Bodies Of 2 Recovered
Last Updated :धर्मशाला , बुधवार, 25 जून 2025 (23:44 IST)

Dharamshala Flood: हिमाचल में बादल फटने से भारी तबाही, धर्मशाला में 25 मजदूरों के बहने की सूचना, 2 के मिले शव

Cloud burst in Himachal
हिमाचल में बारिश और बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है।  कुल्लू में बाढ़ के बाद अब धर्मशाला में भी हालात भयावह हो गए हैं। जिले के खनियारा मनूनी खड्ड का जलस्तर बुधवार को अचानक बढ़ गया। जिस कारण इंदिरा प्रियदर्शनी जल विद्युत परियोजना के काम में मनूनी में जुटे 100 मजदूरों में से करीब 25 मजबूत बह गए हैं, ऐसी संभावना जताई जा रही है। मीडिया खबरों के मुताबिक इनमें करीब 2 शव बरामद हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है। 
 
कूल्लू में 3 जगहों पर फटे बादल
कुल्लू जिले के सैंज में जीवा नाला और रेहला बिहाल तथा गड़सा क्षेत्र के शिलागढ़ में बादल फटने की तीन घटनाएं हुईं। अधिकारियों ने बताया कि रेहला बिहाल में अपने घरों से सामान निकालने की कोशिश कर रहे तीन लोग बाढ़ में बह गए और लापता हैं।
 
कुल्लू के अतिरिक्त जिला आयुक्त (एडीसी) अश्विनी कुमार ने बताया कि जिले के मनाली और बंजार में भी अचानक बाढ़ आ गई। टीम मौके पर मौजूद है और तलाश अभियान जारी है। मणिकरण घाटी में ब्रह्म गंगा नाले में अचानक बाढ़ आने की भी सूचना मिली है। पानी का स्तर कई घरों तक पहुंच गया है और अगर यह जल्दी कम नहीं हुआ तो इससे नुकसान हो सकता है।
 
कुल्लू में कई जगहों पर भारी बाढ़ के कई वीडियो में तबाही के निशान दिखे हैं। एक वीडियो में एक वाहन कीचड़ भरे पानी में बहता हुआ दिखाई दे रहा है।
 
बंजार के विधायक सुरिंदर शौरी ने कहा कि सुबह से भारी बारिश हो रही है और मुझे कई कॉल आए हैं कि बारिश के कारण सैंज, तीर्थन और गड़सा में नुकसान हुआ है। मैंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करने को कहा है क्योंकि लोग परेशान हैं। ब्यास और सतलुज नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इसके अलावा, लाहौल और स्पीति पुलिस ने कहा कि काजा से समदोह तक सड़क भूस्खलन, मलबा गिरने और नालों के उफान पर होने के कारण कई स्थानों पर अवरूद्ध हो गई है।
नहर में बही कार, 4 लोगों की मौत 
उत्तराखंड के हल्द्वानी में भारी बारिश के दौरान एक अनियंत्रित कार के नहर में गिरने से एक नवजात शिशु समेत परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे उस समय हुआ, जब उधमसिंह नगर जिले के किच्छा थानाक्षेत्र के बरा गांव का रहने वाला एक परिवार चार दिन पहले जन्में बच्चे को लेकर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल से कार में सवार होकर घर लौट रहा था।
पुलिस के मुताबिक, कार रास्ते में दमकल विभाग के पास अनियंत्रित होकर एक नहर में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गयी, जिनमें नवजात शिशु के अलावा उसके पिता राकेश (32), नानी कमला देवी (50) और बच्ची की ताई नीतू (36) शामिल हैं।
 
पुलिस ने बताया कि नवजात की मां रमा (27) दुर्घटना में घायल हो गयी है जबकि अन्य घायलों की पहचान नीतू के पति रमेश (39) और कार चालक श्यामलाल (40) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
 
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण कार की तेज गति और चालक का वाहन पर से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इनपुट भाषा Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
Delhi : रोहिणी में बहुमंजिला इमारत में आग, 4 लोगों की मौत, 3 घायल