सोमवार, 6 अक्टूबर 2025
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Punjab CM Mann lays foundation stone of heritage walkway in Anandpur Sahib
Written By
Last Modified: श्री आनंदपुर साहिब , रविवार, 5 अक्टूबर 2025 (19:36 IST)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आनंदपुर साहिब में हेरिटेज स्ट्रीट की नींव का पत्थर रखा

Chief Minister Bhagwant Singh Mann
तख्त श्री केसगढ़ साहिब जाने वाले रास्ते पर 25 करोड़ रुपए की लागत से 580 मीटर मार्ग बनाया जाएगा
पांच तख्त साहिबान को रेल मार्ग के जरिए जोड़ने का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष जोरदार ढंग से उठाएंगे
 
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पवित्र शहर श्री आनंदपुर साहिब में 18 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे विरासती मार्ग का नींव पत्थर रखा। इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे भाग्यशाली हैं कि वाहेगुरु ने उन्हें इस सेवा का हिस्सा बनने का सौभाग्य प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब के पवित्र शहर ने हमेशा इतिहास रचा है क्योंकि इस धरती ने न केवल पंजाब और सिखों के इतिहास को नया रूप दिया है, बल्कि भारत के इतिहास को भी बड़ा मोड़ दिया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इसी ऐतिहासिक धरती पर दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने 1699 में बैसाखी वाले दिन खालसा पंथ की स्थापना की थी।
 
मुख्य मंत्री ने कहा कि आज भी पंजाबी इस पवित्र स्थान से आध्यात्मिक और मानसिक तौर पर ताकत प्राप्त करते हैं और जुल्म, अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 'हिंद की चादर' नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस को मना रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार इस पवित्र धरती को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है जिसके कारण तख्त श्री केसगढ़ साहिब जाने वाले रास्ते को सफेद संगमरमर की वर्तनी से विरासती रास्ते के रूप में विकसित किया जा रहा है।
 
मुख्य मंत्री ने कहा कि यह प्रोजेक्ट 25 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जाएगा और 31 मार्च, 2026 तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रयास श्री आनंदपुर साहिब को पर्यटन, खासकर धार्मिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने में और भी बड़ी भूमिका निभाएगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्रद्धालुओं और सैलानियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रवेश द्वार पर एक बड़ा और आकर्षक मुख्य गेट बनाया जाएगा।
 
मुख्य मंत्री ने कहा कि पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में दर्शाए छायादार वृक्ष सफेद संगमरमर के फुटपाथ के साथ लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 580 मीटर लंबा रास्ता मुख्य तौर पर दो हिस्सों में विभाजित किया जाएगा, एक पवित्र सरोवर के सामने से गुजरता है और दूसरा तख्त साहिब तक जाने वाली सीढ़ियों के साथ है, जो श्रद्धालुओं की सुविधा को सुनिश्चित बनाता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस मार्ग के दोनों ओर शानदार पेंटिंगों और कलात्मक तकनीकों के जरिए खालसा पंथ के जन्म स्थान श्री आनंदपुर साहिब के इतिहास को और भी सुंदर ढंग से दर्शाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्य गेट के अलावा सरोवर जाने वाले रास्तों और पार्किंग क्षेत्रों के साथ अन्य गेट बनाए जाएंगे ताकि समूचे डिजाइन में एकरूपता बनी रहे।
 
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंज तख्त साहिबान को रेल मार्ग के जरिए जोड़ने का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष जोरदार ढंग से उठाएगी। उन्होंने कहा कि एक ओर लोगों को सुविधा देना और दूसरी ओर धार्मिक पर्यटन को बल देना समय की मांग है। भगवंत सिंह मान ने यह भी ऐलान किया कि राज्य सरकार श्री आनंदपुर साहिब-माता नैना देवी रोपवे पर जल्द ही काम शुरू करने के लिए जोरदार ढंग से पैरवी करेगी।
 
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और तरुणप्रीत सिंह सौंद, सलाहकार पर्यटन और सांस्कृतिक मामले दीपक बाली और अन्य भी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें
फील्ड में तैनाती का आधार केवल 'परफॉर्मेंस', वही अधिकारी तैनात हों जिनकी छवि हो साफ : योगी आदित्यनाथ