• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Mayawati atacks Modi on surgical strike
Written By
Last Modified: लखनऊ , रविवार, 9 अक्टूबर 2016 (14:16 IST)

'सर्जिकल स्ट्राइक' को भाजपा के पक्ष में भुनाने में लगे हैं मोदी : मायावती

Mayawati
लखनऊ। बसपा अध्यक्ष मायावती ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पाक अधिकृत कश्मीर में हुए 'सर्जिकल स्ट्राइक' को भाजपा के पक्ष में भुनाने की कोशिश का आरोप लगाया है। 
 
बसपा संस्थापक कांशीराम की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित सभा में मायावती ने मोदी और उनकी पार्टी पर करारे हमले किए और कहा कि केंद्र सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 'सर्जिकल स्ट्राइक' से राजनीतिक लाभ लेने में लगी हैँ, जबकि 'सर्जिकल स्ट्राइक' की सफलता का श्रेय पूरी तरह सेना को जाता है। भाजपा नेताओं के बजाए सेना का सम्मान होना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि आतंकी ओसामा बिन लादेन को मारने का अमेरिका ने जिस तरह प्रचार-प्रसार किया था उसी तरह केंद्र 'सर्जिकल स्ट्राइक' को प्रचारित कर रहा है जबकि इससे पहले भी इस तरह की सैन्य कार्रवाई हुई है, लेकिन तत्कालीन सरकारों ने उसका राजनीतिक लाभ नहीं लिया। 
 
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तरप्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए केंद्र सरकार भारत-पाक युद्ध जैसा उन्माद पैदा करने की कोशिश में लगी हुई है। अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए भाजपा भोली-भाली जनता को गुमराह करने में पूरी ताकत के साथ साजिश कर रही है। 
 
मायावती ने कहा कि 'सर्जिकल स्ट्राइक' का राजनीतिक लाभ देने के लिए मोदी 11 अक्टूबर को दशहरा मनाने यहां आ रहे हैं। वे दीपावली पर भी आ सकते हैं। दशहरा या दीपावली में उनके आने का कारण कुछ और नहीं बल्कि जनता को गुमराह करने व वोट हासिल करने की कोशिश मात्र है।
 
मायावती ने कहा कि दशहरे में कहीं-कहीं मोदी को श्रीराम के रूप में पेश किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के स्थान पर सेना को महिमामंडित किया जाता तो जवानों का हौसला बढ़ता और वे कई गुना उत्साह से दुश्मनों के दांत खट्टे करने में लग जाते।
 
उन्होंने जनता को पाक अधिकृत कश्मीर में संक्षिप्त सैन्य कार्रवाई से भाजपा के राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश से आगाह किया और कहा कि यदि वे चूके तो बहुत पछताएंगे। इनके धोखे में किसी कीमत पर नहीं आना है। चुनाव को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और उसके सहयोगी संगठन सांप्रदायिक दंगे करा सकते हैं। 
 
उन्होंने कहा कि जनता को सोचना होगा कि पहले वे हिन्दुस्तानी हैं बाद में हिन्दू, मुस्लिम, सिख या ईसाई। दंगे में उसे कराने वाले का कोई नुकसान नहीं होता बल्कि नुकसान दंगा करने वाले का होता है। इससे हर हाल में सतर्क रहना है।
 
मायावती ने दावा किया कि मोदी ने ढाई साल में अपने चौथाई वादे भी नहीं पूरे किए तथा सरकार बनाने का ख्वाब देख रही भाजपा अपने कर्मों से उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में चौथे नंबर पर चली जाएगी। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
बसपा की रैली में भगदड़, दो की मौत