• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Man arrested for bomb threat over his 'Bom-Del' call to helpline
Written By
Last Modified: मुंबई , मंगलवार, 2 जनवरी 2018 (15:07 IST)

मुंबई हवाईअड्डे पर बम की अफवाह, अमेरिकी कंपनी का सीईओ गिरफ्तार

मुंबई हवाईअड्डे पर बम की अफवाह, अमेरिकी कंपनी का सीईओ गिरफ्तार - Man arrested for bomb threat over his 'Bom-Del' call to helpline
मुंबई। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बम की अफवाह फैलाने के आरोप में एक अमेरिकी कंपनी के सीईओ को गिरफ्तार किया गया है। ऐसा लगता है कि वह कथित तौर पर उड़ान में विलंब के कारण नाराज था।
 
अधिकारी ने बताया कि 45 वर्षीय विनोद मूरजानी को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली से वर्जीनिया होकर रोम जाने वाले विमान में सवार होना था। उसे रविवार को यहां हवाईअड्डे पर गिरफ्तार किया गया।
 
मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि ऐसा लगता है कि उड़ान में विलंब से नाराज विनोद ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा प्राइवेट लिमिटेड (एमआईएएल) के टॉल फ्री नंबर पर फोन किया और महिला ऑपेरटर से कहा, विमान में 'बम फटा है।' इसके तुरंत बाद विनोद मूरजानी ने फोन रख दिया। ऑपरेटर ने वरिष्ठ अधिकारियों को बताया जिन्होंने पुलिस को सूचित किया।
 
अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद सहार पुलिस ने विनोद को गिरफ्तार किया। हवाईअड्डे के सीसीटीवी फुटेज में उसे एक टेलीफोन बूथ में देखा गया था।
 
उन्होंने बताया कि विनोद एक अमेरिकी कंपनी में सीईओ है और उसने यह फोन दिल्ली की उड़ानों को बाधित करने के लिए किया ताकि मुंबई से यात्रा में विलंब की स्थिति में वह देर रात को दिल्ली से रोम जाने वाले विमान में सवार हो सके।
 
अधिकारी ने बताया कि उसके खिलाफ भादंवि की धारा 506 (आपराधिक धमकी), 505 (लोगों को दहशत में डालने का इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उसे अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के समक्ष पेश किया गया जिसने उसे 15,000 रुपए की जमानत और इतनी ही राशि के मुचलके पर रिहा किया।
 
बहरहाल, अदालत के अधिकारियों के अनुसार विनोद के वकील ने अदालत में कहा कि उसके मुवक्किल ने केवल उड़ान के संबंध में जानकारी ली थी, जिसे कथित तौर पर गलत तरीके से पेश किया गया।
 
वकील ने कहा कि ऑपरेटर ने फोन पर उसके मुवक्किल की बात को गलत समझा क्योंकि मूरजानी ने उससे ‘बॉम-डेल स्टेटस’ पूछा और टेलीफोन लाइन में व्यवधान की वजह से तत्काल फोन काट दिया। वकील का दावा है कि ऑपरेटर ने इसे ‘बम है’ समझ लिया। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
1700 करोड़ रुपए के दो रक्षा सौदों को मंजूरी