गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Fog thick in many parts of Delhi
Written By
Last Modified: बुधवार, 16 दिसंबर 2020 (12:34 IST)

दिल्ली के कई हिस्सों में छाया घना कोहरा, अगले 2 दिन 'शीत लहर' का अलर्ट

दिल्ली के कई हिस्सों में छाया घना कोहरा, अगले 2 दिन 'शीत लहर' का अलर्ट - Fog thick in many parts of Delhi
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने के साथ ही बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली में दिन में ठंड रहने और शीतलहर चलने का पूर्वानुमान लगाया है। उसने बताया कि पालम में दृश्यता गिरकर 100 मीटर हो गई थी।

आईएमडी के अनुसार शून्य से 50 मीटर के बीच दृश्यता होने पर कोहरा ‘बेहद घना’, 50 से 200 मीटर के बीच ‘घना’, 201 से 500 के मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 से 1000 के बीच दृश्यता होने पर कोहरे को ‘हल्का’ माना जाता है। उसने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

आईएमडी ने बर्फ से ढंके पश्चिमी हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते मंगलवार को शीतलहर की घोषणा कर दी थी। दिल्ली में मंगलवार को तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान था। अधिकतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री कम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आईएमडी के अनुसार शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान के पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीतलहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को दिन के ठंडे रहने के साथ ही शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है।आईएमडी दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन के लिए भी तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे या लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है तो शीतलहर की घोषणा कर देता है। इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।

शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 278 दर्ज किया गया। मंगलवार को 24 घंटे का औसतन एक्यूआई 230 रहा। सोमवार को यह 160, रविवार को 305 और शनिवार को 356 रहा था। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।(भाषा)
ये भी पढ़ें
संभल में रोडवेज बस और टैंकर के बीच भिड़ंत, 7 की मौत, 25 घायल