• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Death toll in Assam floods rises to 190, 620 villages in 14 districts affected
Written By
Last Updated : शनिवार, 9 जुलाई 2022 (00:27 IST)

Weather Alert : असम में बाढ़ से मृतकों की संख्या 190 हुई, 14 जिलों के 620 गांव प्रभावित

Weather Alert : असम में बाढ़ से मृतकों की संख्या 190 हुई, 14 जिलों के 620 गांव प्रभावित - Death toll in Assam floods rises to 190, 620 villages in 14 districts affected
गुवाहाटी। असम में शुक्रवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है तथा 3 और लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ नए इलाके जलमग्न हो गए। राज्य के 14 जिलों के 28 राजस्व मंडल और 620 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। 75 हजार से अधिक लोगों ने 173 राहत शिविरों में शरण ली है।

एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। इसके अलावा बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या में भी थोड़ा इजाफा हुआ है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक बाढ़ के पानी में एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की भूस्खलन में मौत हो गई।

इसके साथ ही इस वर्ष राज्य में बाढ़ से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 190 हो गई। राज्य में गुरुवार के बाद से बाढ़ प्रभावित जिलों की संख्या में दो की वृद्धि हुई। अब तक बाढ़ के कारण बजली, कछार, चिरांग, डिब्रूगढ़, दीमा हसाओ, गोलाघाट, हैलाकांडी, होजई, कामरूप, करीमगंज, मोरीगांव और नगांव जिला प्रभावित हो चुका है। असम के 14 जिलों के 28 राजस्व मंडल और 620 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

एएसडीएमए के बुलेटिन में कहा गया है कि 8,88,177 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि राज्य का कछार जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है क्योंकि यहां 5.63 लाख से अधिक लोग संकट में हैं। राज्य में 75 हजार से अधिक लोगों ने 173 राहत शिविरों में शरण ली है, जबकि अन्य 19 राहत वितरण केंद्र भी चालू हैं।

गुजरात में भारी बारिश, अहमदाबाद के कई इलाके जलमग्न : गुजरात के दक्षिणी इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई और दोपहर में कुछ घंटों तक लगातार बारिश हुई जिससे राज्य के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद के कई हिस्से जलमग्न हो गए।

भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से कहा गया है कि जामनगर, देवभूमि द्वारका और जूनागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई। सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में मानसून का असर जोरदार था और राज्य के बाकी हिस्सों में मानसून सक्रिय रहा।

राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र की ओर से जारी किए गए आंकड़ों से पता चला है कि दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले के कपराडा तालुका में दिन में सुबह छह बजे से शाम छह बजे के बीच 205 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसके बाद नवसारी के वंसदा में 164 मिलीमीटर, सूरत के महुवा में 157 मिलीमीटर, तापी के व्यारा में 153 मिलीमीटर, तापी के डोलवन में 150 मिलीमीटर, नवसारी के चिखली में 141 मिलीमीटर, तापी के वालोड में 137 मिलीमीटर और वलसाड के धर्मपुर में 134 मिलीमीटर बारिश हुई।(एजेंसियां)
ये भी पढ़ें
ब्रिटेन : ऋषि सुनक ने पेश की बोरिस जॉनसन की जगह लेने की दावेदारी