शनिवार, 28 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Chief Minister Sukhwinder Singh Sukhu said that Himachal Pradesh has not seen such heavy rains in 50 years
Written By
Last Modified: हमीरपुर/शिमला , सोमवार, 10 जुलाई 2023 (23:39 IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू बोले- हिमाचल ने 50 साल में इतनी भारी बारिश नहीं देखी

Sukhwinder Singh Sukhu
Himachal Pradesh Weather News : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि राज्य ने बीते 50 वर्ष में इतनी भारी वर्षा नहीं देखी और इस मानसून के मौसम में राज्य को अब तक करीब 3000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि बीते दो दिन में बारिश के कारण हुए हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई। वहीं लाहौल एवं स्पीति में चंद्रताल तथा पागल एवं तेलगी नाले के बीच फंसे 400 पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं।
 
मुख्यमंत्री ने हमीरपुर में बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संपर्क में हैं तथा स्थिति को लेकर चिंतित हैं। सुक्खू ने कहा कि बद्दी, कुल्लू तथा ऊना में पुल टूट गए हैं और कुल्लू में लारगी विद्युत परियोजना जलमग्न हो गई है।
 
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने रविवार को देर शाम सभी उपायुक्तों से बात की और नुकसान के संबंध में स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने लिए आवश्यक निर्देश दिए।
 
बयान के अनुसार, पूरी रात जागकर मुख्यमंत्री ने फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए चलाए गए अभियान पर नजर रखी। सुक्खू ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और पुलिस ने मनाली के पॉटेटो मैदान और मंडी के नागवयिन गांव से फंसे हुए 29 लोगों को निकाला।
 
मुख्यमंत्री ने लाहौल और स्पीति जिला प्रशासन को चंद्रताल झील के पास फंसे पर्यटकों को पर्याप्त भोजन, दवाएं और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने को कहा है। साथ ही उन्हें यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि बचाव अभियान समय पर चलाया जा सके। उन्होंने कहा, मैं सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि अनावश्यक यात्रा नहीं करें और जलधाराओं एवं नदियों के पास नहीं जाएं।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
Manipur Violence : मणिपुर में हिंसक झड़पों में एक की मौत, 2 अन्य घायल