• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Beef, Anil Vij, Bakri Eid, Mewat, Haryana, cow slaughter
Written By
Last Modified: चंडीगढ़ , शनिवार, 10 सितम्बर 2016 (18:36 IST)

बिरयानी में मिला गो मांस, बोले मंत्री...

Beef
चंडीगढ़। बकरीद से पहले मेवात में बिरयानी के नमूनों की जांच को लेकर हमले झेल रही हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने कहा कि सभी सात नमूनों में ‘बीफ’ मिला है और सवाल किया कि गो-हत्या प्रतिबंधित करने के कानून का समर्थन करने वाला विपक्ष उसके लागू करने का विरोध कैसे कर सकता है।
इस मुद्दे को किसी विशेष समुदाय से नहीं जोड़ा जाने की बात पर जोर देते हुए विज ने कहा कि हम मुसलमानों के खिलाफ नहीं हैं’और नमूने पूरे राज्य में विभिन्न स्थानों से लिए गए हैं, सिर्फ मेवात से नहीं। मंत्री ने कहा कि बिरयानी के नूमने एकत्र करने में समुचित प्रक्रिया का पालन किया गया है और राजकीय प्रयोगशाला में उसकी जांच की गई।
 
विज ने कहा कि बिरयानी के सभी सात नमूनों में बीफ मिला है। इनका परीक्षण हिसार स्थित, लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय की प्रयोगशाला में किया गया। उन्होंने कहा कि नमूने पशु चिकित्सा सर्जन की निगरानी में एकत्र किए गए। उनके परीक्षण में समुचित प्रक्रिया का पालन किया गया है। परीक्षण विशेषज्ञ ने किया है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट दे दी है। विपक्ष की आलोचना करते हुए, उन्होंने कहा कि वे मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि सरकार कानून का पालन कर रही है और इस कदम को किसी विशेष समुदाय या धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। हम मुसलमानों के खिलाफ नहीं हैं। विज ने आरोप लगाया कि हमने एक कानून बनाया। कांग्रेस और अन्य दलों ने मिलकर इसे पारित कराया। अब, उस कानून को बचाने के लिए हम कोई कार्रवाई कर रहे हैं तो वे विवाद खड़ा कर रहे हैं। 
 
स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल मामले का राजनीतिकरण करना चाहते हैं, जो गलत है.. वे अपने निहित स्वार्थ के लिए शांति और भाईचारा भंग करना चाहते हैं। विज, कांग्रेस नेता रणदीपसिंह सुरजेवाला की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। सुरजेवाला ने कल आरोप लगाया था कि मेवात में ‘बीफ’ को लेकर ‘खड़ा’ किया गया पूरा विवाद धर्म विशेष से संबंध रखने वाले लोगों को निशाना बनाने तथा उनके खिलाफ आरोप लगाने की साजिश कर रहे हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
कश्मीर में 2 और मौतों से आंकड़ा हुआ 78