असम में कांग्रेस को बड़ा झटका: सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने दिया इस्तीफा, BJP में शामिल होने की अटकलें
असम में विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसके सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। चुनाव की घोषणा के बाद बोरदोलोई के इस्तीफे से पार्टी में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
नौगांव सीट से लगातार दो बार के सांसद प्रद्युत असम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माने जाते हैं। बोरदोलोई ने पार्टी हाईकमान को पत्र लिखकर विधायक आसिफ नजर का टिकट काटने की मांग की थी। हालांकि पार्टी इस पर कोई फैसला करती इससे पहले ही उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
कांग्रेस के लिए क्यों महत्वपूर्ण हैं बोरदोलोई
नौगांव के साथ ही संपूर्ण उत्तरी असम में बोरदोलोई का खासा प्रभाव माना जाता है। उन्होंने 1998 में मार्घेरिटा सीट से विधायक के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने 2001 से 2015 के बीच असम सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले। उनके इस्तीफे से असम की राजनीति गरमा गई।
बोरदोलाई का खरगे को पत्र
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र में प्रद्युत ने लिखा, अत्यंत दुख के साथ, मैं आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सभी पदों, विशेषाधिकारों और प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र देता हूं।
क्या बोले मुख्यमंत्री हिमंता बिसवा सरमा
इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिसवा सरमा ने भी मीडिया से बातचीत में कहा था कि मैं बोरदोलोई के संपर्क में नहीं हूं। अगर उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से संपर्क किया होता तो मुझे पता होता।
edited by : Nrapendra Gupta