• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Angry lover slits woman's throat in Mumbai
Written By
Last Updated : बुधवार, 29 नवंबर 2023 (15:20 IST)

मुंबई में नाराज प्रेमी ने महिला का गला रेता, हालत गंभीर

मुंबई में नाराज प्रेमी ने महिला का गला रेता, हालत गंभीर - Angry lover slits woman's throat in Mumbai
मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय एक महिला का ब्लैड से गला कथित तौर पर काट दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि महिला ने व्यक्ति के विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था तथा उसका अपमान किया था। उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार को दोपहर में काला चौकी इलाके में महिला के घर पर हुई।
 
अधिकारी ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा उसकी हालत गंभीर है। 44 वर्षीय आरोपी पेशे से चालक है तथा वह काला चौकी इलाके के परशुराम नगर में रहता है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला अपने 2 भाइयों के साथ इसी मोहल्ले में रहती है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के 1 साल से महिला के साथ प्रेम-संबंध थे। वह महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला उसके प्रस्ताव को ठुकरा रही थी।
 
पुलिस ने बताया कि सोमवार की रात दोनों के बीच कुछ बहस हुई और महिला ने कुछ लोगों के सामने उसका अपमान किया। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को दोपहर में आरोपी महिला के घर में घुस गया और ब्लैड से उसका गला कथित तौर पर काट दिया।
 
अधिकारी ने बताया कि महिला की चीख-पुकार सुनकर कुछ पड़ोसी उसके घर पहुंचे लेकिन आरोपी भाग निकला। महिला को केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, वह अभी तक बेहोश है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई और मंगलवार रात उसे परशुराम नगर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
चिनूक हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश पहुंचे 41 मजदूर