शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और अन्नाद्रमुक के राज्यसभा सदस्य ए. मोहम्मदजान का निधन
Written By
Last Updated : मंगलवार, 23 मार्च 2021 (23:27 IST)

तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और अन्नाद्रमुक के राज्यसभा सदस्य ए. मोहम्मदजान का निधन

Mohammad jan | तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और अन्नाद्रमुक के राज्यसभा सदस्य ए. मोहम्मदजान का निधन
चेन्नई। तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और अन्नाद्रमुक के राज्यसभा सदस्य ए. मोहम्मदजान का मंगलवार को निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। उनके रिश्तेदार ने बताया कि बेचैनी महसूस होने पर सांसद को रानीपेट जिले के वालजापेट सामान्य अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
 
रिश्तेदार ने कहा कि वह विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करके घर (रानीपेट) लौटे ही थे। उन्होंने कहा कि उन्हें सीने में दर्द हो रहा है, तब हम उन्हें लेकर अस्पताल गए, लेकिन रास्ते में वह बेहोश हो गए। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद कहा कि दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो चुकी है। मोहम्मदजान 2011-13 के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री जे. जयललिता के मंत्रिमंडल में पिछड़ा वर्ग मंत्री थे।

 
उत्तरी तमिलनाडु से अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता मोहम्मदजान जुलाई, 2019 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। वह तमिलनाडु वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं अन्नाद्रमुक की अल्पसंख्यक शाखा के संयुक्त सचिव भी थे। मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी और उपमुख्यमंत्री ओ. पनीरसेल्वम समेत अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेताओं ने मोहम्मदजान के निधन पर शोक प्रकट किया। विपक्षी पार्टी द्रमुक के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने भी मोहम्मदजान के निधन पर शोक प्रकट किया। (भाषा)