भाजपा ने राहुल गांधी पर क्यों लगाया आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप?
Rahul Gandhi election news : भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी पर शनिवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के दिन अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर टिप्पणी के जरिए चुनाव संबंधी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। पार्टी ने निर्वाचन आयोग से कांग्रेस नेता के सोशल मीडिया अकाउंट को निलंबित करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।
गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए लोगों से कांग्रेस को चुनने की अपील की। उन्होंने लिखा, 'राजस्थान चुनेगा मुफ्त इलाज, राजस्थान चुनेगा सस्ता गैस सिलेंडर, राजस्थान चुनेगा ब्याज मुक्त कृषि कर्ज, राजस्थान चुनेगा अंग्रेजी शिक्षा, राजस्थान चुनेगा ओपीएस (पुरानी पेंशन योजना), राजस्थान चुनेगा जाति आधारित जनगणना।'
भाजपा ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर कहा कि गांधी की टिप्पणी 48 घंटे की उस अवधि का उल्लंघन करती है, जिसमें किसी भी प्रकार का प्रचार अभियान वर्जित है। उसने पूर्व कांग्रेस प्रमुख पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की।राजस्थान चुनेगा मुफ्त इलाज
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 25, 2023
राजस्थान चुनेगा सस्ता गैस सिलेंडर
राजस्थान चुनेगा ब्याज मुक्त कृषि कर्ज़
राजस्थान चुनेगा अंग्रेज़ी शिक्षा
राजस्थान चुनेगा OPS
राजस्थान चुनेगा जाति जनगणना
आज, बड़ी संख्या में जा कर, इस्तेमाल करें अपना मताधिकार।
चुनिए जनता की हितकारी,…
उसने कहा, 'सोशल मीडिया मंच एक्स एवं उसके पदाधिकारियों को अकाउंट तत्काल निलंबित करने और उक्त आपत्तिजनक सामग्री को तत्काल हटाने का निर्देश दिया जा सकता है, अन्यथा यह 48 घंटे तक की मौन अवधि का और उल्लंघन करके स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के सिद्धांत को अपूरणीय क्षति पहुंचाएगा।'
भाजपा ने कहा कि निर्वाचन आयोग को राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को आपराधिक शिकायत दर्ज करने और गांधी के खिलाफ आपराधिक मामला शुरू करने का भी निर्देश देना चाहिए।
Edited by : Nrapendra Gupta

