मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2022
  2. पंजाब विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज: पंजाब विधानसभा चुनाव 2022
  4. Punjab election : voting on 117 seats
Written By
Last Updated : रविवार, 20 फ़रवरी 2022 (09:21 IST)

पंजाब में 117 सीटों पर मतदान, 9 हॉट सीट्स पर सबकी नजर

पंजाब में 117 सीटों पर मतदान, 9 हॉट सीट्स पर सबकी नजर - Punjab election : voting on 117 seats
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा की 34 आरक्षित सीटों समेत 117 विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। मतदान आज सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। मतगणना 10 मार्च को होगी। इस चुनाव में 1304 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत तय होगी।
 
कैसा है पंजाब का चुनावी सिनेरियो : इस चुनाव में अनेक दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई। चुनाव में इस बार मुख्य रूप से चकोणीय मुकाबला होने जा रहा है। मैदान में सत्तारूढ़ कांग्रेस के अलावा विपक्षी आम आदमी पार्टी और संयुक्त समाज मोर्चा सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा शिरोमणि अकाली दल(शिअद) 97 और उसकी गठबंधन सहयोगी 20, भाजपा 68 और उसकी गठबंधन सहयोगी पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) 34 तथा शिअद (संयुक्त) ने 15 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इस बार के चुनाव में शिअद ने भाजपा से नाता तोड़ कर बसपा से गठबंधन किया है। वहीं कैप्टन अमरिंदर भी कांग्रेस के अलग होकर भाजपा के साथ मिल कर चुनाव लड़ रहे हैं।
 
इन 9 हॉट सीट्स पर सबकी नजर : इस चुनाव में 9 हॉट सीट्स पर सभी की नजरें लगी हुई हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (चमकौर साहिब और भदौर), उप मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी (अमृतसर मध्य), उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा (डेरा बाबा नानक ), पूर्व मुख्यमंत्री और शिअद नेता प्रकाश सिंह बादल (लम्बी), पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह(पटियाला शहरी), आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत सिंह मान(धूरी), सुखबीर सिंह बादल (जलालाबाद) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (अमृतसर पूर्व) मैदान में हैं। इनके अलावा किसान नेता बलबीर राजेवाल समराला सीट से चुनाव मैदान में हैं।
 
चन्नी चमकौर साहिब से तीन बार लगातार विधायक रहे हैं। कांग्रेस ने इस बार उन्हें भदौर (सुरक्षित) सीट से भी चुनाव में उतारा हैं। वहीं अमृतसर(पूर्व) में सिद्धू के खिलाफ शिअद के तेज तर्रार नेता बिक्रम मजीठिया ने ताल ठोंकी है और यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। दोनों नेता अब तक कोई विधानसभा चुनाव नहीं हारे हैं लेकिन इस बार आमने सामने होने पर इनमें से एक ही हार निश्चित है। प्रकाश सिंह बादल(95) इस चुनाव में सबसे बुजुर्ग उम्मीदवार हैं।
 
24,740 मतदान केंद्रों पर मतदान : राज्य में 24,740 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 1,051 जगहों पर 2,013 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। चुनाव में राज्य के कुल 2,14,99,804 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1,12,98,081 पुरूष, 1,02,00,996 महिला और 727 ट्रांस जेंडर हैं। चुनाव में 348836 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।
 
मतदाताओं से चुनाव आयोग की अपील : चुनाव आयोग ने मतदाताओं से कोविड नियमों का पालन करते हुए लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा मतदान केंद्र पर मतदाता फोटो पहचान पत्र अथवा अपनी पहचान साबित करने के लिये कोई पुख्ता दस्तावेज लेकर जाने की अपील की है।
 
इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र, राज्य सरकार और सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य को जारी पहचान पत्र आदि हो सकते हैं।
 
आयोग ने मतदाताओं को आगाह किया है कि अगर उन्हें कोई पैसा, शराब, नशा या किसी भी तरह का प्रलोभन अथवा धमकी देता है तो वे इसकी शिकायत सी-विजिल एैप अथवा मतदाता हैल्पलाईन 1950 पर करें।