• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Updates: Severe cold in North India
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , बुधवार, 3 जनवरी 2024 (09:10 IST)

Weather Updates: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कोहरा भी बन रहा मुसीबत

Weather Updates: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कोहरा भी बन रहा मुसीबत - Weather Updates: Severe cold in North India
Weather Updates: उत्तर भारत (North India) के कई क्षेत्रों में मंगलवार को भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा और घने कोहरे (dense fog) की वजह से ट्रेनों के परिचालन तथा वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही, वहीं कश्मीर घाटी (Kashmir Valley) में शीतलहर (cold wave) के प्रकोप के साथ न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है और श्रीनगर (Srinagar) की डल झील (Dal Lake) समेत जलाशयों में पानी जम गया है। दिल्ली में AQI 340 दर्ज हुआ है।
 
राजधानी दिल्ली में तेज सर्द हवा : राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को मंगलवार की सुबह तेज सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली के कुछ इलाकों में घने से मध्यम कोहरा छाया रहा। भारतीय रेलवे के अनुसार कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें 1 से 6 घंटे तक विलंबित हुईं।
 
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार सुबह 6.30 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'बेहद खराब' श्रेणी में 346 दर्ज किया गया। आईएमडी ने दिल्ली में अगले 7 दिनों तक हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति का पूर्वानुमान लगाया है।
 
राजधानी में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री : राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2 डिग्री कम है। दिल्ली में मंगलवार को आर्द्रता का स्तर 60 प्रतिशत से 100 प्रतिशत के बीच रहा। आईएमडी ने बुधवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने और सुबह में हल्का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
 
दिल्ली में AQI 340 दर्ज : दिल्ली में मंगलवार अपराह्न 4 बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 340 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बेहद खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है। दिसंबर 2023 राष्ट्रीय राजधानी में 6 वर्षों में सबसे गर्म रहा। दिल्ली में पिछले महीने (दिसंबर में) एक भी 'शीतलहर' वाला दिन दर्ज नहीं किया गया।
 
राजस्थान के कई हिस्सों में घना कोहरा : राजस्थान के कई हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। जयपुर हवाई अड्डे पर दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। रेगिस्तानी राज्य के कुछ हिस्सों में ठंड की स्थिति बनी रही और सीकर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि फलौदी में 4.8 डिग्री, करौली में 5.2 डिग्री, जैसलमेर में 5.4 डिग्री, पिलानी में 5.7 डिग्री, सिरोही में 6 डिग्री और धौलपुर में 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जयपुर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
इस बीच पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार अमृतसर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 8 डिग्री सेल्सियस और फरीदकोट में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि करनाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार सुबह दोनों राज्यों में कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा। पिछले सप्ताह क्षेत्र में ज्यादातर इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था। पिछले 2 दिनों के दौरान क्षेत्र के अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट देखी गई है।

इंदौर और उज्जैन में देर रात हुई तेज बारिश : इंदौर में मंगलवार देर रात जोरदार बारिश हो गई। हालांकि सर्द हवाओं के कारण मंगलवार शाम से ही मौसम बदल गया था और सर्दी बढ़ गई थी। रात 10 बजे से कोहरा छाने लगा था लेकिन देर रात 2 बजे के बाद पूरे शहर में बारिश होने लगी। पहले हल्की बूंदाबांदी हुई और इसके बाद जोरदार बारिश होती रही। शहर के अलग-अलग इलाकों में रुक-रुककर सुबह तक बारिश होती रही। इससे तापमान 3 डिग्री तक गिर गया है। इसी प्रकार उज्जैन में भी मौसम में बदलाव के बाद शीतकालीन वर्षा हुई है।
 
कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे : कश्मीर घाटी में सोमवार रात न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा, जो शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हाउसबोट में रहने वाले झील के लोगों को अपनी नावों को किनारे की ओर घुमाते समय बर्फ की परत को तोड़ने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। अत्यधिक शीतलहर की स्थिति के कारण कश्मीर के कई इलाकों में जल आपूर्ति के पाइप जम गए हैं। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
कश्मीर वर्तमान में 'चिल्लईकलां' की चपेट में है। यह 40 दिनों की भीषण सर्दी की अवधि है। इस दौरान क्षेत्र में शीतलहर चलती है और तापमान बेहद नीचे चला जाता है जिससे प्रसिद्ध डल झील सहित जलाशय में पानी जम जाता है। घाटी के कई हिस्से इस स्थिति का सामना करते हैं। इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और ऊंचाई वाले इलाके में भारी बर्फवारी भी होती है। चिल्लईकलां 31 जनवरी को खत्म होगा।
 
'चिल्लईकलां' की शुरुआत 21 दिसंबर से होती है और 31 जनवरी को यह समाप्त होगा। इसके बाद कश्मीर में 20 दिनों का 'चिल्लई-खुर्द' (छोटी ठंड) और 10 दिनों का 'चिल्लई-बच्चा' (हल्की ठंड) का दौर रहता है। इस दौरान शीतलहर जारी रहती है। उत्तरप्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा और राज्य के एक या दो हिस्सों में घना से लेकर बहुत घना कोहरा छाया रहा।
 
उत्तरप्रदेश में शीतलहर की स्थिति : लखनऊ में मौसम कार्यालय ने कहा कि पूर्वी उत्तरप्रदेश में कुछ स्थानों पर और राज्य के पश्चिमी भाग में एक या दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, अयोध्या, लखनऊ, आगरा और मेरठ मंडलों सहित अन्य मंडलों में दिन का तापमान सामान्य सीमा से काफी नीचे रहा। शाहजहांपुर में 5.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जबकि बांदा में 22.6 डिग्री सेल्सियस के साथ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

गौतमबुद्ध नगर में 8वीं तक के स्कूल 6 जनवरी तक बंद : उत्तरप्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने ठंड के मद्देनजर 6 जनवरी तक नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाओं के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की है।
 
गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि कड़ाके की ठंड एवं घने कोहरे के चलते समस्त बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से 8वीं कक्षाओं तक के बच्चों के वास्ते 6 जनवरी तक अवकाश करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे पश्चिमी भूमध्यरेखीय हिन्द महासागर के ऊपर है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। इसके उत्तर दिशा में बढ़ने और 2 जनवरी की शाम तक दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी उत्तरप्रदेश और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
 
कैसा रहेगा आज का मौसम? : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज बुधवार को लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक और मध्यप्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। 24 घंटों के बाद तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में बारिश की तीव्रता और प्रसार बढ़ सकता है।
 
उत्तर और उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और दक्षिणी उत्तरप्रदेश के आसपास के हिस्सों में भी 4 जनवरी से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान घना से बहुत घना कोहरा जारी रह सकता है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तराखंड और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। 3 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तरी मध्यप्रदेश, बिहार और उत्तर-पूर्व भारत में घना कोहरा छा सकता है।
 
पंजाब और हरियाणा में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे : 2 जनवरी को पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति जारी रह सकती है और 3 जनवरी को इसमें कमी आ सकती है। 2 जनवरी को उत्तरप्रदेश में और पश्चिमी राजस्थान में 1 या 2 स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति संभव है।
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
ED के समक्ष पेश नहीं होंगे अरविंद केजरीवाल, क्या होगा जांच एजेंसी का अगला कदम?