गुरुवार, 4 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update 4 february : snowfall from jammu kashmir to himachal
Last Updated : रविवार, 4 फ़रवरी 2024 (08:52 IST)

Weather Update : कश्मीर से हिमाचल तक बर्फ से ढंके पहाड़, 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

snowfall
Weather Update 4 february : जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बर्फबारी से पहाड़ों पर बर्फ की चादर दिखाई दे रही है। स्नोफॉल के बाद एक बार फिर यहां पर्यटकों का तांता लग गया है। कहा जा रहा है कि आज भी पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होगी। 14 राज्यों में बारिश की संभावना भी व्यक्त की गई है।
 
गुलमर्ग में तापमान माइनस 10.6 डिग्री सेल्सियस : कश्मीर में रविवार को भी बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में घाटी में मध्यम से भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मोटर चालकों को फिसलन भरी सड़कों को देखते हुए सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है। कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 
 
उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग स्कीइंग रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में पहलगाम पर्यटक स्थल का तापमान शून्य से नीचे 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
Himachal snowfall
हिमाचल में भारी बर्फबारी का अलर्ट : हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रही। शिमला में शनिवार को भी कुछ देर बर्फबारी हुई। पिछले दिनों हुई बर्फबारी की वजह से राज्य में 4 राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 485 सड़कें वर्तमान में वाहन यातायात के लिए बंद हैं। सड़कों से जल्द से जल्द बर्फ हटाने के लिए सफाई का काम तेजी से चल रहा है।
 
मौसम विभाग ने पूरे हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों के लिए भारी बर्फबारी होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसने निचले इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी। 6 फरवरी तक राज्य में बारिश की भविष्यवाणी की गई है। 
 
पंजाब, हरियाणा में ठंड जारी : पंजाब और हरियाणा में ठंड की स्थिति जारी है। हरियाणा के हिसार का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अंबाला का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। करनाल, नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.4, 9, 7.2, 9.4 और 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब के पठानकोट में न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा, फरीदकोट तथा गुरदासपुर में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
Delhi rain
राजस्थान में बूंदाबांदी : पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के अनेक इलाकों में शनिवार सुबह बूंदाबांदी हुई। गत 24 घंटे में कोलायत एवं नोखा में एक-एक मिलीमीटर और जैसलमेर में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई। कई अन्य इलाकों में भी बूंदाबांदी हुई।
 
इस दौरान करौली में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 5.6 डिग्री, पिलानी में 6.8 डिग्री, सिरोही एवं संगरिया में 9.7 डिग्री तथा गंगानगर में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
दिल्ली में कैसा है मौसम : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने रविवार को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने और धूल भरी हवाओं के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।
 
अगले 24 घंटों में कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है।
 
4 फरवरी को पश्चिमी हिमालय पर बर्फबारी की तीव्रता बढ़ जाएगी। 5 फरवरी को एक बार फिर से कमी आएगी और 6 फरवरी से मौसम साफ होने लगेगा।
 
राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की छिटपुट बारिश संभव है। पंजाब, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। केरल में 1 या 2 स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश संभव है।
Edited by : Nrapendra Gupta