शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Union ministers took part on Yoga Day
Written By
Last Updated : मंगलवार, 21 जून 2022 (19:15 IST)

International Yoga Day: केंद्रीय मंत्रियों ने ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित समारोहों में लिया हिस्सा

International Yoga Day: केंद्रीय मंत्रियों ने ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित समारोहों में लिया हिस्सा - Union ministers took part on Yoga Day
नई दिल्ली। कई केंद्रीय मंत्रियों ने 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' के अवसर पर मंगलवार को देश के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित समारोहों में शिरकत की और योगाभ्यास किया। पहली बार वर्ष 2015 में 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' मनाया गया था। इसके बाद हर साल 21 जून को दुनियाभर में इसका आयोजन होता है।
 
आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केंद्र सरकार ने 75 ऐतिहासिक स्थलों पर 'योग दिवस' मनाने का फैसला किया था जिनमें केंद्रीय मंत्रियों को शामिल होना था। इस साल 'योग दिवस' का विषय 'मानवता के लिए योग' रखा गया था। इसी के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गुजरात के केवड़िया में 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के पास आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से देश के विकास में योगदान देने के लिए स्वस्थ रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

 
योग के फायदों को रेखांकित करते हुए मांडविया ने कहा कि एक विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए देश के नागरिकों का स्वस्थ होना जरूरी है। मांडविया ने कहा कि योग तन एवं मन और विचार एवं क्रिया के मेल का प्रतीक है। यह एक समग्र दृष्टिकोण है, जो स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम के लिए महत्वपूर्ण है।
 
केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने चीन सीमा पर स्थित अंजाव जिले के डोंग में आयोजित योग समारोह की अगुवाई की। डोंग भारत का सुदूर पूर्वी छोर पर स्थित गांव है, जहां भारत, चीन और म्यांमार की सीमाएं मिलती हैं। देश में सबसे पहले सूर्योदय डोंग में ही होता है इसलिए इस गांव को 'भारत के उगते सूरज की भूमि' के नाम से भी जाना जाता है।
 
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन ने केरल के श्री पद्मनाभ स्वामी मंदिर में योगाभ्यास कार्यक्रम का नेतृत्व किया जबकि सड़क परिवहन, राजमार्ग और नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री वीके सिंह ने फोर्ट कोच्चि में सेंट फ्रांसिस चर्च के पास परेड ग्राउंड में कार्यक्रम में भाग लिया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दक्षिणी राज्य में इस कार्यक्रम का आयोजन किया था।

मुरलीधरन ने ऐतिहासिक पद्मनाभ स्वामी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि मंदिर में योगाभ्यास में भाग लेने वाले सैकड़ों लोगों का अनुभव निश्चित रूप से बहुत ही यादगार रहा होगा, वहीं सिंह ने सभी से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट इसका अभ्यास करने का आग्रह किया।
 
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने जयपुर के जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा आयोजित 'योग दिवस' समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि योग आसन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से आध्यात्मिक शक्ति को बढ़ाता है। वह सांगानेर स्टेडियम में जयपुर ग्रेटर नगर निगम और पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित सामूहिक योग अभ्यास में भी शामिल हुए और उन्होंने लोगों से योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
 
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने अयोध्या में सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी पर योगाभ्यास किया और एक समारोह को सबोधित करते हुए ऐसी जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया, जो पर्यावरण के अनुकूल हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से आज योग को सारा विश्व अपना रहा है।
 
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने उत्तरी गोवा जिले के सिंक्वेरिम गांव के 'फोर्ट अगुआड़ा' में 'योग दिवस' कार्यक्रम में भाग लिया जबकि केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री श्रीपाद नाइक ने पुराने गोवा में आयोजित एक समारोह में शिरकत की।
 
नाइक ने कहा कि दुनियाभर में लोग इस दिन को मना रहे हैं और इस वर्ष 'योग दिवस' का विषय 'मानवता के लिए योग' है। नाइक ने कहा कि योग मानवता और देशों को भी जोड़ता है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने फतेहपुर सीकरी में ऐतिहासिक पंच महल में समाज के सभी वर्गों के साथ योग किया। इस अवसर पर फतेहपुर सीकरी से लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर भी मौजूद थे।
 
नकवी ने कहा कि आज पूरा विश्व जोश-जुनून के साथ 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' मना रहा है और यह भारत के लिए गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं है बल्कि यह 'सेहत विज्ञान' भी है। योग मस्तिष्क और शरीर के बीच एकता कायम करता है तथा तन को मजबूती और मन को शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि योग पूरी दुनिया के स्वास्थ्य, सौहार्द और खुशहाली का 'परफेक्ट भारतीय हेल्थ हैंपर' है। योग अच्छी सेहत के खजाने की 'गोल्डन चाभी' है और अच्छी सेहत ही इंसान की सबसे बड़ी दौलत है।
ये भी पढ़ें
JEE Main 2022 Admit Card हुए Released, ऐसे कर सकते हैं डाउनलोड