1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Schools will reopen in Delhi from Wednesday

AQI की स्थिति पुन: सुधरी, बुधवार से पुन: खुलेंगे Delhi-NCR के स्कूल

Delhi NCR
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 3 दिन में वायु प्रदूषण की स्थिति में सुधार के बाद स्कूल बुधवार से फिर खुल जाएंगे। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में हवा की गुणवत्ता बिगड़ने के बाद शनिवार से प्राथमिक कक्षाओं को बंद कर दिया गया था। दिल्ली सरकार ने सोमवार को स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला किया।
 
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद दिल्ली सरकार ने गत शुक्रवार को अनेक उपायों की घोषणा की थी जिसके तहत शनिवार से स्कूलों में प्राथमिक कक्षाएं नहीं लगना और दिल्ली सरकार के 50 प्रतिशत कर्मियों का घर से काम करना शामिल था। स्कूलों ने बच्चों के बचाव के लिए अनेक कदम उठाए हैं जिनमें कक्षाओं में सांस संबंधी व्यायाम कराना और मानसिक तथा भावनात्मक स्वास्थ्य के सत्र आयोजित करना शामिल है।
 
एमआरजी स्कूल, रोहिणी की प्राचार्य अंशु मित्तल ने कहा कि छात्रों को एक लिखित दिशा-निर्देश बांटने पर विचार किया जा रहा है जिसमें उन्हें बताया जाएगा कि किस तरह का भोजन करें, किस तरह के पेय लें और किस तरह का व्यवहार अपनाएं।
 
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मंगलवार सुबह लगातार चौथे दिन 'बहुत खराब' श्रेणी में रहा, जो इससे पहले 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया था। मौसम विज्ञानियों ने आज रात में हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
नाइजीरिया में 3 माह से बंधक हैं कानपुर के रोशन सहित 16 भारतीय, परिवार ने लगाई मोदी से छुड़ाने की गुहार