वर्ल्ड चैंपियंस से मिले PM मोदी, हरमनप्रीत ने कहा- हमारे पास ट्रॉफी, अब बार-बार मिलना चाहेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने आवास लोक कल्याण मार्ग पर महिला वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और टूर्नामेंट में लगातार तीन हार के बाद टीम की शानदार वापसी की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीम ने न केवल खेल के मैदान पर बल्कि पूरे देश के दिलों में भी जगह बनाई है।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने याद किया कि उन्होंने 2017 में प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी, लेकिन तब उनके पास ट्रॉफी नहीं थी। हरमनप्रीत ने मुस्कुराते हुए कहा कि अब जब हमारे पास ट्रॉफी है, हम उनसे बार-बार मिलना चाहेंगे। इस खास मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की, खासकर देशभर की लड़कियों के बीच। उन्होंने मोटापे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई और कहा कि फिट रहना उतना ही जरूरी है जितना सफल होना।