नरेन्द्र मोदी हैं देश के सबसे बड़े टूरिज्म एम्बेसेडर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सबसे बड़े टूरिज्म एम्बेसेडर हैं, जो देश की कला संस्कृति का न केवल दक्षेस देशों बल्कि विश्वभर में प्रचार कर रहे हैं। लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेश शर्मा ने यह बात कही।
भारत की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत में पर्यटन विकास की भारी संभावनाएं होने से सहमति जताते हुए शर्मा ने कहा कि देश में विदेशी पर्यटकों को आकषिर्त करने के लिए सरकार ने विभिन्न कदम उठाए हैं।
उन्होंने बताया कि इस दिशा में 44 देशों के नागरिकों को 30 दिनों के अल्प प्रवास के लिए आगमन पर वीजा की सुविधा देकर बड़ा कदम उठाया गया है।
इसी सवाल के जवाब के क्रम में पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं देश दुनिया में पर्यटन का जोरशोर से प्रचार कर रहे हैं।
चाहे दक्षेस देश हों या अन्य कोई देश मोदी जी जहां भी जाते हैं, वहां भारतीय संस्कृति का प्रचार करते हैं और पर्यटकों को भारत आने के लिए आमंत्रित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं यह काम कर रहे हैं और वह भी कोई वेतन या अतिरिक्त भत्ते के बिना। (भाषा)