1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. More than 13 inches of snowfall in Gulmarg

Weather Updates: गुलमर्ग में 13 इंच बर्फबारी, कई स्थानों पर बारिश, फिर बढ़ेगी ठंड

Himachal snowfall
नई दिल्ली। अगले कुछ दिनों के दौरान देश के पश्चिमी इलाके के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 8 और 10 फरवरी के बीच देश के पश्चिमी हिस्से में छिटपुट से लेकर भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। गुलमर्ग में 13 इंच (35 सेमी) से अधिक बर्फ गिरी है।
 
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू, कश्मीर, लद्दाख के अधिकांश स्थानों और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखी गई। गुलमर्ग में 13 इंच (35 सेमी) से अधिक बर्फ गिरी और जम्मू और कश्मीर के अन्य हिस्सों में लगातार बारिश हुई। आईएमडी ने अपने मौसम बुलेटिन में कहा कि एक पश्चिमी विक्षोभ के असर अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालयी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
 
बर्फबारी की संभावना : आईएमडी के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ के 8 फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी इलाके को प्रभावित करने की संभावना है। इसके असर से 8 से 10 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 9 और 10 फरवरी को इस क्षेत्र में आंधी और बिजली गिरने की भविष्यवाणी भी की गई है। गुरुवार को कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है।
 
न्यूनतम तापमान गिरेगा : इस बीच अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने और उसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान मध्यभारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।
 
अगले 4 से 5 दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव की उम्मीद नहीं है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरप्रदेश में रात और सुबह के समय अलग-अलग इलाकों में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात संभव है और इसके बाद इसमें कमी आ सकती है। 8 फरवरी की रात से गिलगित-बाल्टिस्तान मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी शुरू हो जाएगी और 9 फरवरी को तीव्रता बढ़ सकती है। उत्तराखंड में 9 और 10 फरवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। 9 और 10 फरवरी को पंजाब के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
Petrol Diesel Prices : कच्चा तेल फिर हुआ 2.5 डॉलर महंगा, जानिए देश के महानगरों में क्या हैं पेट्रोल के दाम