शुक्रवार, 18 जुलाई 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Modi in NCC Parade
Written By
Last Modified: गुरुवार, 28 जनवरी 2016 (15:15 IST)

देश को एक सूत्र में बांधे हुए हैं तिरंगा और संविधान: मोदी

PM Modi
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा, देश का संविधान तथा सवा सौ करोड़ भारतीयों के सपने हमें एक सूत्र में बांधते हैं और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों को यह भाव आत्मसात कर देश भर में एकता का संदेश फैलाना चाहिए।
 
मोदी ने गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने वाले एनसीसी कैडेटों को गुरुवार को यहां छावनी स्थित परेड ग्राउंड में संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी में देश के हर राज्य तथा हिस्से से आकर युवक शामिल होते हैं।
 
यह संस्था देश की विविधता और एकता का प्रतीक है और यह कैडेटों में परस्पर एकता की भावना पैदा करती है। उन्होंने कहा कि इस मंच पर कैडेटों को जो अलग-अलग अनुभव होते हैं, वे इस उम्र में बहुमूल्य होते हैं। एनसीसी में रहते हुए विभिन्न प्रशिक्षणों के दौरान उन्हें रोमांच का अहसास भी होता है। 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि तिरंगा, देश का संविधान और सवा सौ करोड़ भारतीयों के सपने हमें एक सूत्र में बांधते हैं। युवा कैडेटों का राष्ट्र निर्माण के लिए आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि देश के लिए मरने का मौका हर किसी के नसीब में नहीं होता, लेकिन देश के लिए जीने का अवसर हर इंसान की जिंदगी में होता है।
 
उन्होंने कैडेटों से कहा कि वे पिछले एक महीने से कड़ाके की ठंड में परेड की तैयारी कर रहे थे लेकिन राष्ट्र और जीवन के निर्माण में इस तरह की कठिनाइयां आती रहती हैं। उन्हें इन कठिनाइयों पर विजय पाकर आगे बढते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहिए।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि देश इस वर्ष संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर की 125 वीं जयंती मना रहा है। उनके जीवन में बडी कठिनाई और चुनौतियां थी तथा उन्होंने कई अवसरों पर उपेक्षा का भी सामना किया लेकिन इसके बावजूद वह विचलित नहीं हुए और अपना काम जारी रखते हुए देश के संविधान का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि कैडेटों को डॉ. अंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। (वार्ता)