ममता कुलकर्णी का विवादित बयान, दाऊद इब्राहिम आतंकी नहीं
Mamta Kulkarni on Dawood Ibrahim : फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने एक विवादित बयान देते हुए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को आतंकी मानने से ही इनकार कर दिया। ममता ने दावा किया कि बम ब्लास्ट जैसी किसी भी घटना में दाऊद का नाम कभी नहीं आया है।
गोरखपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के ममता ने कहा कि मीडिया और कुछ राजनीतिक ताकतों ने एक साजिश के तहत उसे बदनाम किया है। किसी को गुनहगार होने के लिए आरोप साबित होने चाहिए, प्रचार करने से कोई अपराधी नहीं हो जाता है।
मामले पर बवाल मचने के बाद ममता ने सफाई देते हुए कहा कि दाऊद से मेरा दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। मैं दाऊद से कभी जीवन में नहीं मिली हूं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में पत्रकारों के सवालों पर उनकी टिप्पणी उनके पूर्व पति विक्की गोस्वामी के लिए थी, कि वो किसी ब्लास्ट में या आतंकी गतिविधि में शामिल नहीं थे।
गौरतलब है कि बॉलीवुड छोड़ने के बाद ममता दुबई में रह रही थीं। 2024 के अंत में वो 25 सालों के बाद दुबई से भारत वापस आईं। इसके बाद उन्होंने संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।
2025 में प्रयागराज में हुए महाकुंभ में ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर पद दिया गया था। हालांकि, बाद में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया। इसके दो दिन के बाद ही उन्हें दोबारा महामंडलेश्वर का पद दे दिया गया। महामंडलेश्वर बनते ही उनका नाम यमाई ममता नंद गिरी हो गया।
edited by : Nrapendra Gupta